चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारियों में जुटे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) ने भर्ती परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करने का फैसला लिया है. इसके तहत, सभी 23 जिलों और 90 विधानसभा हलकों में आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इससे उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के शहरों या सेक्टरों में यात्रा करने की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी.
HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि इस संबंध में प्रदेश सरकार की ओर से एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा. इस पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए फ्री बस सुविधा दी जाएगी. कमीशन यह सुनिश्चित करेगा कि अभ्यर्थियों को यह सुविधा उनके एडमिट कार्ड पर भी उपलब्ध हो.
अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह हुआ कि परीक्षा में शामिल होने वाले किसी भी उम्मीदवार को सेंटर तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा नहीं होगी. यह मुफ्त सफर सुविधा न केवल HSSC की परीक्षाओं के लिए बल्कि अन्य माध्यमों से आयोजित भर्ती परीक्षाओं के लिए भी लागू होगी. इससे अभ्यर्थियों के लिए समय और यात्रा लागत दोनों की बचत होगी.
समय की बचत
हिम्मत सिंह ने बताया कि सभी हलकों में आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित होने से परीक्षार्थियों को शहर से शहर यात्रा करने में होने वाली दिक्कतें और खर्च कम होंगे. साथ ही, कमीशन के प्रयास से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की सुविधा और समय की बचत सुनिश्चित होगी.
