चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप सी पदों के लिए हुई सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) का परिणाम जारी करने के बाद अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने परीक्षा से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई के लिए कमेटी बनाई है. सीईटी में शामिल हुए किसी युवा युवा कों यदि कोई शिकायत है, तो वह वेबसाइट cet2025groupc.hryssc.com पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं.
चार हफ्ते में दी जाएगी रिपोर्ट
कमेटी चार हफ्ते में शिकायतों की सुनवाई पूरी कर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को अपनी रिपोर्ट प्रदान करेगी, जिसके बाद अगले चरण की शुरुआत होगी. एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने इंटरनेट मीडिया पर लिंक शेयर करते हुए अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी हैं. फेसबुक अकांउट पर चेयरमैन द्वारा लिखा गया है कि जारी हुए रिजल्ट को लेकर अगर किसी उम्मीदवार को कोई भी आपत्ति हो, तो वह अपनी आपत्ति आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर दे सकता है.
रजिस्ट्रेशन नंबर का करें इस्तेमाल
उम्मीदवारों को आपत्ति दर्ज करने के लिए लिंक पर सीईटी रजिस्ट्रेशन नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पासवर्ड का इस्तेमाल करना होगा. युवाओं कों उस पासवर्ड का उपयोग करना होगा जो आवेदन जमा करने और एडमिट कार्ड की प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल किया गया था. अगर कोई उम्मीदवार अपनी सीईटी रजिस्ट्रेशन संख्या या पासवर्ड भूल जाता है, तो वह फारगेट पासवर्ड पर क्लिक कर सकता है.
इस प्रकार दर्ज करवाएं ऑब्जेक्शन
अगर सीईटी रजिस्ट्रेशन नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर याद है, तो उसे भर कर सबमिट बटन पर क्लिक करना होगा. एक बार ओटीपी मिल जाने पर अभ्यर्थियों को अपना पासवर्ड सफलतापूर्वक रीसेट करने के लिए नए पासवर्ड के साथ ओटीपी दर्ज करना होगा. नए पासवर्ड की पुष्टि करनी होगी. नए पासवर्ड के साथ लागिन करते ही लेफ्ट मेन्यु में कंप्लेंट दर्ज कराने का आप्शन सेलेक्ट करना होगा व आपत्ति सबमिट करनी होगी.
