चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा राज्य के कॉलेजों में सहायक प्रोफैसरों के 2,424 खाली पदों पर भर्ती होने जा रही है. इसे लेकर सरकार ने विभिन्न विषयों में कॉलेज कैडर ग्रुप बी के सहायक प्रोफेसरों के पदों को भरने की मांग हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) को भेज दी है. जैसे ही HPSC से सिफारिश मिलेगी, खाली पदों को तुरंत प्रभाव से भर दिया जाएगा.
शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
हरियाणा विधानसभा बजट सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान उच्चतर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा द्वारा विधायक राजबीर फरटिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी गयी है. राजबीर फरटिया का कहना है कि भिवानी के सिवानी में सेठ मेघराज जिंदल कॉलेज में अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी और समाजशास्त्र के लेक्चररों के पद खाली है.
कॉलेज में कुल 4 पद खाली
यहां पर विज्ञान विषय के अस्थाई लैक्चरार कार्य कर रहें है. कॉलेज में इन विषयों के स्थाई लैक्चररों की नियुक्ति कब तक होनी संभव है. इस पर उच्चतर शिक्षा मंत्री ने बताया कि कॉलेज में कुल 4 पद खाली हैं. फिर भी विषय अनुसार, कोई कमी है तो उसे भी शीघ्र भर दिया जाएगा. वहीं, राजबीर फरटिया ने लोहारू में एनसीसी की सुविधा देने की भी मांग उठाई है.
