चंडीगढ़ | हरियाणा में नए राशन डिपो खोलने की तैयारियां शुरू हो चुकी है. खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में विभागीय प्रस्ताव को हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंजूरी दे दी है. प्रस्ताव के तहत हर जिले और गांव में प्रत्येक 500 राशन कार्ड पर एक नया डिपो बनाया जाएगा. इस आधार पर करीब 4 हजार नए डिपो बनाने की योजना है. इनमें महिलाओं के लिए करीब 1320 रिजर्व होंगे.
मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी
इस प्रस्ताव पर अभी कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं जैसे जांच, पात्रता से जुड़े नियम, आवेदन की शर्ते और तकनीकी तैयारी पूरा किया जाना शेष है. विभागीय सूत्रों के अनुसार इस प्रक्रिया के दौरान कुछ बदलाव भी हो सकते है. यह पूरी प्रक्रिया जनवरी में ही पूरी कर ली जाएगी. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री इसे कैबिनेट की बैठक में मंजूरी के लिए पेश करेंगे. कैबिनेट की मंजूरी के बाद नए डिपो के लिए आवेदन जनवरी, 2026 के आखिर तक शुरू होंगे, जिन्हें अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से लिया जाएगा.
सैकड़ों पद पड़े खाली
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में डिपो धारकों के मृत्यु हो जाने या अन्य कारणों से डिपो के पद खाली हैं. कई पद लाभार्थियों की संख्या बढ़ने से नए बने भी हैं. नए नियम के अनुसार, हर 500 राशन कार्ड पर 1 डिपो बनाया जाएगा, जिससे लगभग प्रत्येक गांव में कम से कम एक डिपो उपलब्ध होगा. इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और राशन लाभार्थियों को गांव के पास ही डिपो मिलने से सुविधा होगी.
नए डिपो बनाने के प्रारंभिक प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंजूरी दे दे दी है. इसके तहत, प्रत्येक 500 कार्ड पर एक नया डिपो स्थापित किया जाएगा. इससे लगभग 4 हजार नए डिपो पूरे प्रदेश में बनाए जाएंगे. जनवरी माह के आखिर तक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद डिपो के लिए आवेदन शुरू हो जाएंगे- अश्वनी कुमार, सुपरिंटेंडेंट, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हरियाणा
