चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से शुक्रवार यानी कल आखिरकार ग्रुप सी पदों के लिए आयोजित CET 2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. आयोग की तरफ से देर रात रिजल्ट जारी किया गया. यह परीक्षा 26 और 27 जुलाई को आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में 8.12 लाख अभ्यर्थी पास हुए है. करीबन 13.52 लाख अभ्यर्थी ग्रुप सी की इस सीईटी परीक्षा में शामिल हुए थे.
करीबन 60 फ़ीसदी उम्मीदवार हुए पास
परीक्षा का आयोजन 4 शिफ्टों में किया गया था. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में ग्रुप सी पदों के लिए यह पहला सीईटी आयोजित हुआ है. इस सीईटी में करीबन 60 फीसदी उम्मीदवार पास हुए हैं. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से सफल हुए अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गयी व उन्होंने सभी उम्मीदवारों से कहा कि आपकी मेहनत और लगन रंग लाई है.
ऑनलाइन दर्ज करवाए शिकायत
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है. आयोग के सचिव द्वारा पब्लिक नोटिस जारी कर कहा गया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को इस रिजल्ट से संबंधित कोई शिकायत है, तो उस शिकायत को ऑनलाइन लिंक पर क्लिक कर दर्ज कराया जा सकता है. सचिव ने यह भी लिखा है कि इन शिकायतों का निपटारा करने के लिए एक शिकायत निवारण कमेटी का गठन किया गया है. यह कमेटी ऑनलाइन आने वाली शिकायतों का चार हफ्ते में निपटारा करेगी. यह निपटारा हरियाणा लिटिगेशन पॉलिसी 2025 के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा.
अब शुरू होगी भर्तियों की प्रोसेस
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पांच साल के कार्यकाल में दो लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है. इस वादे को पूरा करने की दिशा में सबसे पहला कदम सीईटी आयोजित करवाना और रिजल्ट निकलवाना है. एचएसएससी की तरफ से यह कर लिया गया है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने ग्रुप सी के खाली पदों की जानकारी भेजनें के लिए सभी विभागों को निर्देशित किया है.
खाली पदों की जानकारी भेजने के निर्देश
सभी विभागों द्वारा 10 दिसंबर तक हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को ग्रुप सी के खाली पदों की जानकारी भेजने के निर्देश दे दिए है. क्लर्क के रिक्त पदों की जानकारी नहीं भेजी जाएगी. यदि भेजी गई है, तो उसे वापस ले लिया है. साल 2022 में हुए सीईटी में जो अभ्यर्थी पास हुए हुए थे, उनके सीईटी की वैधता अब 3 साल बाद पूरी होने जा रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चाहते हैं कि पुराने सीईटी पास अभ्यर्थियों को भी इन ग्रुप सी पदों की भर्ती प्रक्रिया में अवसर मिल जाए.
