चंडीगढ़ | हरियाणा में आगामी 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली CET (संयुक्त पात्रता परीक्षा) 2025 की तैयारियां पूरे जोरों शोरों से चल रही है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) तैयारियों में लगा हुआ है. इस बार सबसे बड़ी चुनौती नकल माफिया के नेटवर्क को तोड़ना होने वाली है. कमीशन की तरफ से ऐसे लोगों की सूचना देने के लिए नंबर जारी किया जा चुका है. परीक्षा पर सीधी निगरानी के लिए आयोग के सदस्यों को जिलों की जिम्मेदारी सोंपी गयी है.
इन्हें मिली परीक्षा की निगरानी की जिम्मेदारी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सभी पांच सदस्यों को चार से छह तक जिलों की जिम्मेदारी दी गयी है. इन सदस्यों के द्वारा परीक्षा की निगरानी से लेकर तैयारियों पर भी नजर रखी जाएगी. राज्य में कई बड़ी परीक्षाओं में नकल माफिया हावी रहे हैं, ऐसी आयोग भी इस बार सावधान है और पूरी सतर्कता से काम कर रहा है. परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक्स आधार पर जांच होगी. आयोग ने जो एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं उनमें बायोमैट्रिक्स हाजिरी के लिए क्यूआर कोड दिया गया है.
परीक्षा में लेकर जाए रंगीन एडमिट कार्ड
इस क्यूआर कोड को परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों द्वारा स्कैन किया जाएगा. यही वजह है कि हर परीक्षार्थी को ए4 साइज के पेज पर रंगीन एडमिट कार्ड लेकर जाना है. इसी रंगीन प्रवेश पत्र पर दिए गए खाली स्थान पर एक फोटो भी लगाना होगा. ध्यान रहे कि बॉक्स में वही फोटो होना चाहिए, जो परीक्षा के दौरान ऑनलाइन आवेदन के दौरान पोर्टल पर अपलोड किया गया था. इस फोटो को स्वयं सत्यापित भी करना होगा.
एडमिट कार्ड के साथ लेकर आए एक पहचान पत्र
कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले 1348 प्रतिनिधियों को सभी निर्देशों यानी एसओपी से अवगत कराने के लिए ट्रेनिंग देगा. एडमिट कार्ड के साथ परीक्षार्थियों को पहचान पत्र के रूप में एक और आईडी लानी होगी. परीक्षार्थी ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आदि जैसे मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र ला सकते है. इसके बिना अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी.
OMR को संभाल कर रखे सभी उम्मीदवार
मोबाइल फोन में फोटो कॉपी या स्कैन की गई प्रतियां मान्य नहीं होगी. परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले उम्मीदवारों की अत्यधिक संवेदनशील मेटल डिटेक्टर से तलाशी भी ली जाएगी. सभी उम्मीदवारों को आंसर शीट के लिए भी सावधान रहना होगा. परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिकाएं पूरे ध्यान से रखनी होगी. कोई भी उम्मीदवार ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं को मोड़ें, फाड़ें, नष्ट न करें या उन पर कोई निशान न छोड़ें. परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट को किसी भी प्रकार से दागने, खरोंचने या नुकसान पहुंचाने के लिए इरेजर, कील, सफेद तरल, व्हाइटनर आदि का इस्तेमाल सख्त वर्जित है. जो भी उम्मीदवार ऐसा करेगा उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी.
