चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से आज एक नया लेटर जारी किया गया है. जारी किए गए इस पत्र के मुताबिक, सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि Group-C (Clerk) के रिक्त पदों की नई रिक्विज़िशन हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के पास न भेजें. ऐसा इसलिए क्योंकि भविष्य में Group-D कर्मचारियों को क्लर्क के पद पर प्रमोशन दिया जाएगा.
क्लर्क पदों पर न की जाए कोई कार्रवाई
पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि अगर किसी विभाग ने पहले से क्लर्क की रिक्विज़िशन HSSC को भेज दी है, तो उसे तुरंत वापस ले लें. HSSC को भी कहा गया है कि क्लर्क पदों पर कोई कार्रवाई न करे. हरियाणा सरकार द्वारा ग्रुप सी के खाली पदों के लिए रिक्विज़िशन अपलोड करने की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है.
10 दिसंबर तक भेजनी होगी पदों की जानकारी
पहले यह तारीख 15.11.2025 थी जो अब 10.12.2025 कर दी गई है. सरकार द्वारा क्लर्क को छोड़कर बाकी ग्रुप सी के लिए पदों की रिक्विजिशन भेजने के लिए निर्देश दिए गए हैं. ऐसे में सभी विभागों को क्लर्क के पदों को छोड़कर ग्रुप सी के अन्य खाली पदों की जानकारी 10 दिसंबर 2025 तक भेजनी होगी.
