चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से नए साल के मौके एक बड़ा तोहफा दिया गया है. आयोग द्वारा पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. इन पदों में 4500 पुरुष व 600 महिला कांस्टेबलों के अतिरिक्त 400 पद हरियाणा रेलवे पुलिस के हैं. इन पदों के लिए उम्मीदवार 11 जनवरी से आवेदन कर सकेंगे और 25 जनवरी की रात 11.59 बजे तक आवेदन भेजे जा सकेंगे.
हरियाणा में 25 जनवरी तक करें आवेदन
ऐसे में सभी उम्मीदवारों को ध्यान रखना होगा कि आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 जनवरी रात 12:00 तक होगी. किसी भी वर्ग के उम्मीदवार को आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना है. आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह के मुताबिक संयुक्त पात्रता परीक्षा के दूसरे चरण के तहत पुलिस कांस्टेबल के पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है. इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं है. आवेदक के पास 10वीं तक हिंदी और संस्कृत का ज्ञान होना अनिवार्य है.
इस प्रकार रहेगी आयु सीमा
उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 तक 18 से 25 वर्ष तक होनी चाहिए. जिन उम्मीदवारों ने पुलिस की भर्ती के लिए 2024 में पहले आवेदन किया था उन्हें दोबारा से नए सिरे ही आवेदन करना होगा. ऐसे अभ्यर्थियों की 1 सितंबर 2024 तक आयु सीमा 18 से 25 वर्ष होनी अनिवार्य है. पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
शारीरिक परीक्षण के लिए योग्यता की बात करें तो पुरुषों के लिए लम्बाई 170 सेमी, आरक्षित श्रेणी के लिए लंबाई 168 सेमी रहेगी. सामान्य वर्ग की महिला के लिए लम्बाई 158 सेमी और आरक्षित श्रेणी के लिए 156 सेंमी लंबाई रखी गई है. भर्ती के लिए छाती का फुलाव न्यूनतम 4 सेंटीमीटर होना चाहिए. दौड़ की बात करें तो पुरुषों को ढाई किमी की दौड़ 12 मिनट में, महिलाओं को 1 किमी की दौड़ 6 मिनट, पूर्व सैनिकों को 1 किमी की दौड़ 5 मिनट में पूरी करनी होगी.
अभ्यर्थी स्वयं करें आवेदन
शारीरिक मापन परीक्षा और शारीरिक स्क्रीनिंग परीक्षा में पास होने वालों को ज्ञान परीक्षा के लिए सिलेक्ट किया जाएगा. सामान्य श्रेणी के लिए ज्ञान परीक्षा में न्यूनतम 50 अंक व आरक्षित के लिए 40 प्रतिशत अंक लेना अनिवार्य होगा. हिम्मत सिंह के अनुसार आवेदन के बाद करेक्शन पोर्टल ओपन नहीं किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी स्वयं अपना आवेदन करें.
अध्यक्ष ने दी जानकारी
हिम्मत सिंह की तरफ से आरक्षित वर्ग अभ्यर्थियों को भी जानकारी दी गई है. अध्यक्ष के मुताबिक, बीसी- ए, बीसी- बी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के सर्टिफिकेट 1 अप्रैल 2025 से 25 जनवरी 2026 के बीच जारी होने चाहिए. अनुसूचित जाति में डीएससी और ओएससी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए सहायक प्रमाण- पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद और लास्ट डेट तक जारी होना चाहिए.
