चंडीगढ़ | केंद्र सरकार सहयोग से हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Haryana Govt) प्रदेश में रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है. नए हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. इसी कड़ी में अब नए साल के शुभ अवसर पर हरियाणा को 3 नए हाइवे की सौगात मिली है. भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत इन तीनों हाइवे का निर्माण किया जाएगा.
जीटी रोड से हटेगा ट्रैफिक दबाव
केंद्र की मोदी सरकार ने जिन 3 राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है, उनमें अंबाला से नई दिल्ली, हिसार से रेवाड़ी और पानीपत से डबवाली शामिल हैं. केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अब नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया द्वारा डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी. डीपीआर मंजूर होने के बाद NHAI द्वारा हाइवे निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
यमुना किनारे बनेगा नया हाइवे
अंबाला से दिल्ली के बीच यमुना नदी के साथ- साथ नए हाइवे का निर्माण किया जाएगा. इस हाइवे के निर्माण से जहां जीटी रोड से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी, तो वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ से दिल्ली का सफर तय करने में 2 घंटे का समय बचेगा. इस नए राजमार्ग का उपयोग दिल्ली और हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू- कश्मीर के बीच आवागमन के लिए किया जाएगा.
राजस्थान- UP के बीच सीधी कनेक्टिविटी
पानीपत से सिरसा के चौटाला गांव तक बनने वाले नए राष्ट्रीय राजमार्ग से राजस्थान को UP से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे बीकानेर- मेरठ के बीच सफर करने के लिए लोगों को सीधे सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा, हिसार से रेवाड़ी के लिए नए हाइवे का निर्माण होने पर कई जिलों के लोगों का सफर आसान हो जाएगा. इन हाइवे के निर्माण से लोगों के सफर में लगने वाला लंबा समय कुछ ही घंटों में सिमट कर रह जाएगा.
