माइकल क्लार्क की स्पिन गेंदबाजी पर हरियाणा के CM नायब सैनी का कमाल, 1 ओवर में लगाए 2 छक्के

चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के बीच सोमवार रात चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर दोस्ताना क्रिकेट मुकाबला देखने को मिला. इस दौरान सीएम सैनी ने क्लार्क की स्पिन गेंदबाजी पर दो शानदार छक्के जड़ दिए. एक ओवर की इस मजेदार क्रिकेट भिड़ंत में मुख्यमंत्री ने दो छक्कों के साथ बाकी चार गेंदों को डिफेंड किया.

CM Nayab Singh Saini

सीएम के लगातार दो छक्के लगाने के बाद माइकल क्लार्क भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “मुझे लगता है कि अब गेंदबाजी बंद कर देनी चाहिए.” इसके बाद दोनों के बीच हरियाणा में क्रिकेट और खेल प्रतिभाओं को लेकर लंबी चर्चा हुई.

पहंचे CM हाउस

माइकल क्लार्क न्यू चंडीगढ़ में आयोजित भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच में कमेंट्री के लिए भारत आए थे. मैच समाप्त होने के बाद सोमवार देर शाम वह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. यहां दोनों ने एक- दूसरे को विशेष क्रिकेट बैट भेंट किए. मुख्यमंत्री ने क्लार्क को स्मृति चिन्ह के रूप में एक क्रिकेट बैट दिया, जबकि क्लार्क ने अपने हस्ताक्षर वाला बैट मुख्यमंत्री को भेंट किया. दोनों बल्लों पर उनकी तस्वीरें भी लगी थीं. इसके बाद, आवास परिसर में बने अस्थायी विकेट पर दोस्ताना क्रिकेट मैच खेला गया. मुलाकात के दौरान माइकल क्लार्क ने हरियाणा की खेल प्रतिभाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और भविष्य में यहां से कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटर निकल सकते हैं.

क्लार्क ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध बेहद मजबूत हैं और उन्हें भारत में समय बिताना हमेशा पसंद रहा है. उन्होंने यह भी इच्छा जताई कि भविष्य में हरियाणा में क्रिकेट के विकास के लिए योगदान देना चाहेंगे और संभव हुआ तो यहां अपनी क्रिकेट अकादमी भी शुरू करेंगे.

यह भी पढ़े -  ट्राइसिटी में कैब संकट; Ola, Uber और InDrive ड्राइवरों ने शुरू किया आंदोलन

कौन हैं माइकल क्लार्क?

माइकल क्लार्क ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल क्रिकेट कप्तानों में गिने जाते हैं. उन्होंने 2011 से 2015 तक ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी की और उनकी अगुआई में 2015 क्रिकेट विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने खिताब जीता था. फाइनल मुकाबले में क्लार्क ने 74 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी. विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी. मुख्यमंत्री आवास पर हुई यह मुलाकात और दोस्ताना क्रिकेट मुकाबला खेल प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.