चंडीगढ़ । गांवों से शहर के सरकारी कॉलेजों में पढ़ने आने वाली छात्राओं को निशुल्क ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने के अपने वादे पर हरियाणा सरकार खरा उतरते हुए नजर आ रही है. प्रदेश की गठबंधन सरकार का सपना था कि शहर में शिक्षा ग्रहण करने आने वाली छात्राओं को फ्री बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी जिसे पूरा करने के लिए हरियाणा परिवहन विभाग ने भी कमर कस ली है. परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा के आदेशानुसार रोड़वेज विभाग ने तेजी से इस योजना को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है.
उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रपोजल पर परिवहन विभाग ने 557 सरकारी बसों की व्यवस्था कर ली है, जो 479 रुटों पर छात्राओं को निशुल्क ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराएगी. इन बसों के माध्यम से 35807 छात्राएं गांवों से कालेज तक निःशुल्क आवागमन कर सकेंगी. इससे जहां शिक्षा ग्रहण करने आने वाली छात्राओं को फायदा पहुंचेगा तो वहीं साथ ही अन्य महिलाओं को भी फायदा होगा.
हरियाणा सरकार इस योजना को जनवरी माह में ही शुरू करने की तैयारी में थी लेकिन कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के सामने आने पर देशभर में कोरोना संक्रमण मामलों में इजाफा होने से पाबंदियों का दौर शुरू हो गया और स्कूल-कॉलेजों को बंद करना पड़ा. फिलहाल कोरोना से परिस्थितियों सामान्य हो गई तो सरकार ने इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए काम शुरू कर दिया है.
परिवहन विभाग ने बसों के रुट किए तैयार
परिवहन विभाग ने इन बसों की आवाजाही के लिए करीब 479 रुट निर्धारित किए हैं. बस पहले गांव से छात्राओं को बिठाकर अन्य गांवों से होते हुए कॉलेज पहुंचेगी. कॉलेज की छुट्टी होने के समय तक यें बसें लोकल रुटों पर सवारियां ढोने का काम करेगी. छुट्टी होने पर दोबारा वही बस छात्राओं को घर तक पहुंचाएगी और अंतिम स्टॉप पर जाकर खड़ी हो जाएगी, जिस पहले गांव से छात्राओं को लेना होता है.
केवल राहगीर महिलाएं ही कर सकेंगी सफर
इन बसों में उसी गांव या रास्ते में कोई अन्य महिला बस में सफर करना चाहती है तो वह सामान्य किराया देकर सफर का आनंद उठा सकती है. खास बात यह है कि इन बसों में पुरुषों के सफर करने पर पाबंदी रहेगी.
जिला- रूट- बसें- छात्राओं की संख्या
• हिसार-16-30-1653
• पानीपत-14-14-891
• सिरसा-27-34-1672
• कैथल-14-21-1216
• पलवल-14-14-487
• फरीदाबाद-12-15-704
• अंबाला-32-32-1830
• गुरुग्राम-23-27-1443
• करनाल-12-17-869
• जींद-24-32- 2105
• झज्जर-33-39-1910
• चरखीदादरी-19-19-952
• भिवानी-24-36-2205
• फतेहाबाद-33-35-2135
• महेंद्रगढ़-47-51-2969
• पंचकूला-21-21-982
• नूह-17-18-822
• रेवाड़ी -29-33-1513
• सोनीपत-21-28-1714
• यमुनानगर-11-19-727
• रोहतक-14-15-718
• कुरुक्षेत्र-07-07-333
