चंडीगढ़ | हरियाणा के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी देखने को मिल रही है. पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के ऑर्डर के बाद सरकार ने एनएचएम कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का निर्णय लिया है. मिशन निदेशक एनएचएम हरियाणा की तरफ से इसे लेकर आदेश जारी किया गया है. जारी ऑर्डर के अनुसार कर्मचारियों को 3 चरणों में डीए का लाभ दिया जाएगा.
कर्मचारियों को लाभ
महंगाई भत्ता 01 जनवरी 2024 से 230 फीसदी से बढ़कर 239 फीसदी, 01 जुलाई 2024 से 239 फीसदी से बढ़कर 246 फीसदी और 01 जनवरी 2025 से 246 फीसदी से बढ़कर 252 फीसदी मिलेगा. एक तरह से देखें तो इसका लाभ एनएचएम के करीब- करीब 14 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को होगा.
याचिकाकर्ताओं को बेनिफिट
सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह राहत उन्हीं कर्मचरियों को दी जाएगी, जिन्होंने कोर्ट में याचिका दायर की थी या ऐसे ही मामलों में याचिकाकर्ता है. अगर कोर्ट भविष्य में आदेश को पलटता है, तो उन्हें दी गई राशि वापस करनी होगी. सरकार के इस निर्णय से हजारों एनएएचएम कर्मचारियों को अर्थिक राहत का अहसास होगा. कर्मचारियों का कहना है कि लंबे वक़्त से वे इस फैसले का इंतजार कर रहे थे और अब उनकी मांग आंशिक रूप से पूर्ण हुई है.
फैसले का स्वागत
कर्मचारी संगठनों ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है. उनका कहना है कि कर्मचारियों को यह राहत लंबे संघर्ष और कोर्ट आदेशों के बाद प्राप्त हुई है. इससे कर्मचारियों को काफी सहायता मिलेगी. कर्मचारियों की तरफ से इसे लेकर कई बार मांग की जा चुकी है.
