चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस (Haryana Police) में लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने के लिए विभाग ने बड़े स्तर पर भर्ती की योजना तैयार की है. राज्य में पुलिस जवानों के करीब 25 हजार पद खाली हैं. हरियाणा पुलिस में जवानों के कुल 78 हजार पद स्वीकृत हैं, जिनमें करीब 30 प्रतिशत पद फिलहाल खाली हैं. इस कमी को दूर करने के लिए 5,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले से जारी है. इसके बाद, भर्ती का अगला चरण नवंबर 2026 में आएगा.
4 हजार पुलिस जवानों के पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. मार्च 2027 में 5,500 पदों पर नई भर्ती प्रस्तावित है. इन चरणों के बाद भी जितने पद खाली रहेंगे, उन्हें भरने के लिए वर्ष 2028 में अंतिम भर्ती आयोजित की जाएगी. इस तरह 15 हजार से अधिक नए जवान पुलिस बल में शामिल किए जाएंगे.
10+2 पास और CET जरूरी
पुलिस भर्ती में आवेदन के लिए अभ्यर्थी का 10+2 पास होना जरूरी होगा. साथ ही 10वीं कक्षा में हिंदी या संस्कृत विषय होना अनिवार्य है. HSSC के नियमों के मुताबिक, अभ्यर्थी का Group- C CET (Common Eligibility Test) पास होना भी जरूरी रहेगा. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित है. वहीं, SC, BC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार 5 वर्ष की छूट मिलेगी.
होगी लिखित परीक्षा
पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेमी और आरक्षित वर्ग के लिए 168 सेमी रखी गई है. पुरुषों को 83- 87 सेमी सीने के मानक के साथ 12 मिनट में 2.5 किमी दौड़ पूरी करनी होगी. महिला उम्मीदवारों के लिए लंबाई 158 सेमी और आरक्षित वर्ग के लिए 156 सेमी निर्धारित है. उन्हें 6 मिनट में 1 किमी दौड़ पूरी करनी होगी. PMT/ PST पास करने वाले अभ्यर्थी आगे 97 अंकों की लिखित Knowledge परीक्षा देंगे. NCC प्रमाणपत्र वाले उम्मीदवारों को 3 बोनस अंक भी दिए जाएंगे.
