हरियाणा में चुनाव आयोग की नई पहल, बुजुर्ग और दिव्यांग घर बैठे कर सकेंगे वोट

चंडीगढ़ | देशभर में इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय निर्वाचन आयोग अपनी तैयारियों में जुट गया है. वहीं, हरियाणा में भी चुनाव आयोग ने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए एक बड़ी पहल करते हुए उन्हें राहत पहुंचाने का काम किया है. चुनाव आयोग ने उन्हें घर बैठकर ही वोट डालने की सुविधा प्रदान की है. संबंधित रिटर्निंग अधिकारी की ओर से इस संदर्भ में अधिकारियों व कर्मचारियों को बुजुर्गों व दिव्यांगजनों के घर भेजा जाएगा.

Election Vote

करना होगा यह काम

बुजुर्ग और दिव्यांग अगर घर से ही बैलेट पेपर के लिए मतदान करना चाहते हैं तो इसके लिए उन्हें फार्म- 12D भरकर देना होगा. वहीं, दिव्यांगजनों को अपनी दिव्यांगता का प्रमाण- पत्र देना होगा. 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग लोगों को ही घर से ही बैलेट पेपर के जरिये मतदान करने सुविधा मिलेगी.

मिलेगी ट्रांसपोर्ट की भी सुविधा

भारतीय चुनाव आयोग के इन निर्देशों के बारे में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल द्वारा सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को सूचित करवाया जा चुका है. जो बुजुर्ग और दिव्यांग मतदान केंद्र में ही आकर वोटिंग करना चाहेंगे, उन्हें मतदान केंद्र तक लाने और वापस घर छोड़ने के लिए ट्रांसपोर्ट की सुविधा प्रशासन द्वारा की जाएगी. व्हील चेयर का भी आयोग ने प्रबंध किया है.

यह भी पढ़े -  आदमपुर में भजनलाल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे CM नायब सैनी, सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम

नए वोट बनवाने का मौका

चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनावों का शेड्यूल घोषित करने के बाद नामांकन- पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख से 10 दिन पहले तक नये वोट बनवाने के लिए आवेदन किया जा सकेगा. इस अवधि में जो भी युवा 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे अपनी वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे. किसी व्यक्ति को वोट कटवानी है या फिर ट्रांसफर करवानी है, तो उसके पास चुनाव की घोषणा होने से पहले तक ही मौका है. चुनावों का ऐलान होने के बाद वोट कटने की सुविधा नहीं मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.