हरियाणा में युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर, 5 जगहों पर विकसित होगी नई IMT

चंडीगढ़ | हरियाणा में रोजगार की बाट जोह रहे बेरोजगार युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां 10 नए औद्योगिक शहर बसाने का सपना लेकर चल रही सरकार ने IMT बनाने पर फोकस शुरू कर दिया है. औद्योगिक शहर बसाने की प्रक्रिया में अभी समय लग रहा है, लेकिन तब तक सरकार IMT बनाने जा रही है.

Job Exam Student Collage

इन जगहों पर विकसित होगी नई IMT

प्रदेश सरकार ने अंबाला, नारायणगढ़, जींद, रेवाड़ी और फरीदाबाद में पांच नई IMT बनाने का फैसला लिया है. इन IMT के लिए सरकार ने किसानों से 31 हजार एकड़ जमीन खरीदने का निर्णय लिया है. इसके अलावा, फरीदाबाद में कई सेक्टरों का विस्तार किया जाएगा, जिसके लिए आसपास के दस से ज्यादा गांवों से साढ़े 4 हजार एकड़ जमीन खरीदी जाएगी.

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) रिहायशी और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करने के लिए किसानों से कुल 35 हजार 500 एकड़ भूमि खरीदेंगे. खास बात यह कि किसानों की जमीन जबरन अधिग्रहण नहीं की जाएगी, बल्कि आनलाइन पोर्टल ebhoomi.jamabandi.nic.in के माध्यम से इस जमीन को खरीदा जायेगा. जमीन बेचने के इच्छुक किसानों को 31 अगस्त तक इस पोर्टल पर आवेदन करना होगा.

इन गांवों में खरीदी जाएगी जमीन

हाल ही में सरकार ने जमीन के कलेक्टर रेट बढ़ाए हैं, इसलिए किसानों को भूमि की अधिक कीमत मिलनी तय है. HSVP फरीदाबाद में सेक्टर- 94, 96, 96A, 97, 99, 100, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 विकसित करेगा. इसके लिए खेडी कलां, नचोली, ताजपुर, धनकौला, शाहबाद, ताजापुर, बदरपुर सेद, साहूपुरा, सोताई, सुनपर, मलेरना, जाजरु, भैंसरावली, फतुपुरा, भुआपुर, जसाना, फरीदपुर, सदपुरा और तिगांव के किसानों से जमीन खरीदी जाएगी.

यह भी पढ़े -  Airforce School Jobs: वायुसेना स्कूल सिरसा में निकली PRT व स्पेशल एजुकेटर के पदों पर भर्ती, इंटरव्यू से होगा सिलेक्शन

अंबाला में NH- 152D के किनारे खैरा नग्गल और नंदियाली से 2 हजार एकड़ तथा नारायणगढ़ में चेची माजरा, डेरा, हमीदपुर और टोका के किसानों से 3 हजार एकड़ जमीन लेने का प्रस्ताव है. जींद में NH- 152D और दिल्ली- कटरा एक्सप्रेसवे के किनारे IMT बनाने के लिए अमरावली खैरा, ढाठरथ, जामनी, खरक गादियां, मंडी खुर्द, मोहम्मद खेरा, अलेवा, घिल्लोवल और हसनपुर में 12 हजार एकड़ जमीन मांगी गई है.

रेवाड़ी में IMT के लिए खेरा, आलमपुर, पहराजवास, पल्हावास, रोहराई, रोझुवास, सैदपुर, शादीपुर, अहमदपुर पार्थल, सुरखपुर टप्पा कोसली, कुतुबपुर जागीर और कुतुबपुर मौला से 5 हजार एकड़ जमीन खरीदी जाएगी. इसी तरह फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट से जुड़ने वाले नेशनल हाईवे के किनारे 9 हजार एकड़ में नई IMT के लिए छांयसा, मोहीयापुर, मोहना, बागपुर कलां, बागपुर खुर्द, बहरौला, हंसपुर, सोलरा, धंधरी के किसानों से जमीन खरीदी जाएगी.

बजट में हुई थी घोषणा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में 10 अत्याधुनिक औद्योगिक शहर बनाने की घोषणा की थी. नए औद्योगिक शहरों से न केवल प्रदेश में विकास की गति तेज होगी, बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे. HSIIDC की ओर से नये औद्योगिक शहरों के प्रारूप और उनके नामों पर विचार किया जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.