चंडीगढ़ | हरियाणा में जल्द ही भर्तियों का पिटारा खुलने वाला है. दरअसल, एक लाइव संवाद के दौरान हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चैयरमेन हिम्मत सिंह ने जानकारी देते हुए कहा है कि हरियाणा में 5500 पुलिस कांस्टेबल की भर्ती होगी. इसके अलावा, अन्य भर्तियों के लिए भी जल्द ही सूचना दे दी जाएगी.उन्होंने बताया कि पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के लिए 11 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे.
हरियाणा में गर्भवती महिलाओं को छूट
उन्होंने बताया कि पुलिस कांस्टेबल के लिए 4500 पुरुष, 600 महिलाएं और 100 हरियाणा रेलवे पुलिस के लिए भर्तियां होगी. इसके साथ ही उन्होंने दौड़, लंबाई, उंचाई और शारीरिक मापदंड के बारे में भी सूचना दी. उन्होंने बताया कि जो 3112 पद वापिस लिए गए थे, उनके लिए जल्द नोटिफिकेशन जारी होगा. इसी तरह जल्द ही ग्रुप D को लेकर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
गर्भवती महिलाओं को शारीरिक मापदंड के दौरान विशेष छूट दी जाएगी, लेकिन इसके लिए उन्हे मेडिकल सर्टिफिकेट लाना होगा. बाद में जॉइनिंग से पहले उन्हें मापदंड का मौका दिया जाएगा. उन्होंने जानकारी दी कि बीसी A, बीसी B और आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के अभ्यार्थियों को 1 अप्रैल 2025 के बाद का प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य है. जो अभ्यर्थी DSC और OSC श्रेणी से संबंधित है, उन्हे 13 नवंबर 2024 के बाद प्रमाण पत्र बनवाने होंगे. इस श्रेणी के पुराने प्रमाण- पत्र मान्य नहीं होंगे.
शेड्यूल जारी
हिम्मत सिंह ने बताया कि जल्द ही पुलिस भर्ती के लिए शारीरिक मापदंड का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा. पुलिस भर्ती की परीक्षा 97 अंकों पर आधारित होगी और इसमें NCC सर्टिफिकेट के नंबर भी जुड़ेंगे. उन्होंने बताया कि TGT और PGT भर्तियों के लिए अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला है. उन्होंने बताया कि जनवरी या फरवरी के पहले सप्ताह में CET से संबंधित बायोमैट्रिक की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और रिवाइज्ड रिजल्ट पर अभी स्टे है, जल्द ही इसका जवाब दे दिया जाएगा. इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि हांसी नया जिला बनने से आवेदन प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं आएगी.
