हरियाणा में हाईटेक होगी फसल खरीद प्रक्रिया, नई तकनीक से खत्म हो जाएगी घोटाले की गुंजाइश

चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बताया कि विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में विस्तृत चर्चा की गई है. साथ ही, राशन वितरण से लेकर अनाज खरीद तक कई अहम निर्देश जारी किए गए हैं.

Ration Depot

घोटाले की गुंजाइश होगी खत्म

मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री राजेश नागर ने बताया कि विभाग द्वारा जल्द ही एक उन्नत तकनीक लागू की जाएगी, जिससे धान सहित अन्य अनाज खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के घोटाले की आशंका पूरी तरह से खत्म हो जाएगी.

उन्होंने बताया कि इस नई तकनीक से अनाज मंडियों में आने वाला फसल का हरेक दाना रियल टाइम सिस्टम में दर्ज होगा और प्रदेश में उत्पादित अनाज का डिजिटल रिकॉर्ड अपडेटेड रहेगा. इस सिस्टम से फसल खरीद में पारदर्शिता आएगी और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह से अंकुश लगेगा. वहीं, किसानों को भी इसका सीधा फायदा पहुंचेगा और खरीद प्रक्रिया में तेजी दर्ज होगी.

10 तारीख तक हो राशन वितरण

खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बताया कि बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि राशन वितरण में लापरवाही करने वाले डिपो होल्डरों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए. प्रत्येक महीने की 10 तारीख तक सभी डिपो पर राशन वितरण पूरा होना चाहिए. इसके साथ ही, स्टॉक की पूरी जानकारी बोर्ड पर स्पष्ट रूप से लिखी होनी चाहिए. सभी राशन दुकानों पर उनके नाम का बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़े -  सिरसा, हिसार समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, हरियाणा मौसम विभाग ने दी चेतावनी

उन्होंने बताया कि अनाज मंडियों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अनाज की बोरियों पर बारकोड लगाने और खरीद प्रक्रिया में पीओएस मशीनें लागू करने पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है. इस सिस्टम से अनाज की ट्रैकिंग करना आसान होगा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.