चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत कंप्यूटर फैकल्टी और कंप्यूटर लैब अटेंडेंट के लिए राहत की खबर है. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने अप्रैल और मई 2026 का लंबित मानदेय जारी करने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO), जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (DEEO), प्रधानाचार्यों और डीडीओ (DDO) को सख्त निर्देश दिए हैं. 24 जुलाई 2026 तक हर हाल में सभी पात्र कर्मचारियों के खाते में मानदेय पहुंच जाना चाहिए.

22 जुलाई 2026 को जारी आदेश में निदेशालय ने कहा कि बजट उपलब्ध होने और पहले भी निर्देश जारी किए जाने के बावजूद कई स्कूलों में अब तक अप्रैल और मई का भुगतान नहीं किया गया है. विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही माना है और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर भुगतान करने को कहा है.
OTP वेरिफिकेशन
मानदेय जारी होने के बाद कर्मचारियों का पूरा डेटा हरियाणा कॉन्ट्रैक्चुअल एम्प्लॉयी (Security of Service) Act, 2024 के तहत निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा. इसके साथ ही, OTP वेरिफिकेशन सहित सभी जरूरी औपचारिकताएं 31 जुलाई 2026 तक पूरी करना अनिवार्य होगा, ताकि रिकॉर्ड अपडेट करने की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.
प्रक्रियाएं अधिक व्यवस्थित
यदि मानदेय जारी करने या डेटा अपलोड करने में किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित प्रधानाचार्य और डीडीओ को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा. ऐसे मामलों में विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. इससे कंप्यूटर फैकल्टी और कंप्यूटर लैब अटेंडेंट को समय पर मानदेय मिलने के साथ भविष्य की प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी अधिक व्यवस्थित हो सकेंगी.