चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से हरियाणा सिविल सेवा (HCS) भर्ती नियमों में संशोधन किया गया है. सरकार द्वारा इस संशोधन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है. परीक्षा के पैटर्न एवं मूल्यांकन प्रक्रिया में अहम बदलाव किए गए हैं. मुख्य परीक्षा के पेपर का पैटर्न बदला गया है व ऑप्शनल सब्जेक्ट को हटा दिया गया है. अब मुख्य परीक्षा में 6 पेपर होंगे. इनमें हिंदी व अंग्रेजी के एक- एक तो जनरल स्टडी के चार पेपर होंगे.
होगा फाइनल सिलेक्शन
पहले के जैसे मुख्य परीक्षा में कटऑफ 45 प्रतिशत ही रखी गई है. अंग्रेजी व हिंदी में कम से कम 33- 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य रहेंगे. विशेष बात यह है कि मुख्य परीक्षा में दिव्यांग कोटे में 45 प्रतिशत तक कटआफ के मुताबिक अभ्यर्थी नहीं पहुंच पाते हैं तो कटऑफ घटाकर 35 प्रतिशत तक की जा सकेगी. फाइनल सिलेक्शन मुख्य लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण में प्राप्त अंकों व अभ्यर्थियों द्वारा भरी गई सेवा प्राथमिकताओं के आधार पर होगा.
परीक्षा का विज्ञापन
यह परीक्षा साल 2024 व 2025 में नहीं हुई है. सरकार की तरफ से यह भी प्रावधान किया है कि हर साल परीक्षा संभव नहीं हुई तो इसके पीछे का कारण भी बताया जाएगा. एचसीएस- एलाइड सर्विस भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी हो सकता है. सरकार द्वारा एचसीएस कैडर का नम्बर भी 307 से बढ़ाकर 320 किया जा चुका है.
मिलेंगे 3 घंटे
मुख्य परीक्षा में सभी प्रश्न- पत्र पारंपरिक (वर्णनात्मक) प्रकार के होंगे. हर पेपर के लिए 3 घंटे का समय मिलेगा. भाषा या साहित्य के प्रश्न- पत्रों को छोड़कर अभ्यर्थियों को उत्तर अंग्रेजी या हिंदी किसी भी मीडियम में देने का ऑप्शन होगा. पहले की तरह इंटरव्यू 75 अंकों का होगा, जिससे फाइनल मेरिट निर्धारण के लिए कुल अंक 675 हो जाएंगे. मुख्य लिखित परीक्षा के लिए कुल पदों की संख्या के 12 गुना अभ्यर्थियों का प्रारंभिक परीक्षा से सेलेक्ट किया जाएगा. इंटरव्यू के लिए मुख्य परीक्षा से पदों से 3 गुना को आमंत्रित किया जाएगा.
जल्द फिक्स होगा सिलेबस
मुख्य लिखित परीक्षा का सिलेबस ग्रेजुएट लेवल का होगा. परीक्षा का सिलेबस सरकार द्वारा जल्द अधिसूचित किया जाएगा. प्रारंभिक या मुख्य परीक्षा के पाठ्यक्रम में भविष्य में कोई भी बदलाव या संशोधन आयोग से परामर्श के उपरांत राजपत्र के जरिए अधिसूचित किया जाएगा. आवेदन पत्र एवं परीक्षा शुल्क की दरें क्या रहेंगी यह आयोग सरकार से परामर्श करके निर्धारित करेगा.
आयु से निर्धारित सिलेक्शन
संशोधन नियमों में यह भी प्रावधान किया गया है कि अगर 2 या ज्यादा अभ्यर्थियों ने समान कुल अंक हासिल किये हों तो मुख्य लिखित परीक्षा में ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को वरीयता दी जाएगी. अगर यहां भी अंक समान होंगे तो आयु में वरिष्ठ अभ्यर्थी को उच्च स्थान दिया जाएगा.
