चंडीगढ़ | हरियाणा में खासकर NCR क्षेत्र में घर खरीदने का सपना संजोए बैठे लोगों को सूबे की नायब सैनी सरकार ने बाह्य विकास शुल्क (EDC) में 10% की बढ़ोतरी कर महंगाई का तगड़ा झटका दिया है. संशोधित दरें नए साल यानि 1 जनवरी 2026 से सभी आवासीय क्षेत्रों, औद्योगिक, वाणिज्यिक और मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाओं पर लागू होगी. इस बढ़ोतरी से जमीन के रेट आसमान छूएंगे. खासकर गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला जैसी मेट्रो सिटीज में प्रोपर्टी के दाम रॉकेट की रफ्तार से बढ़ेंगे.
हरियाणा में प्रॉपर्टी के दाम
EDC प्रदेश सरकार द्वारा डेवलपर्स से वसूल किया जाने वाला एक शुल्क हैं, जिसका इस्तेमाल परियोजना क्षेत्र के बाहर बिजली-पानी, सड़क और सीवरेज व्यवस्था जैसे बाहरी बुनियादी ढांचे के नेटवर्क को मजबूत करने के लिए किया जाता है. बिल्डर आमतौर पर इस लागत राशि को अंतिम उपयोगकर्ताओं और निवेशकों पर डाल देते हैं.
गुरुग्राम क्षेत्र में इतनी हुई बढ़ोतरी
संशोधित दरों के मुताबिक, गुरुग्राम के सबसे ज्यादा डिमांड वाले क्षेत्रों में पलॉटेड कालोनियों के लिए EDC लगभग 1.37 करोड़ रुपए प्रति एकड़ तय किया गया है. समूह आवास परियोजनाओं के लिए 400 PPA (प्रति एकड़ आवासीय स्वामीतव) घनत्व वाली कालोनियों के लिए दर 5.49 करोड़ रुपए प्रति एकड़ और 300 व्यक्ति PPA घनत्व वाली कालोनियों के लिए 4.12 करोड़ रुपए प्रति एकड़ की दर निर्धारित की गई है.
सोहना और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्रों में जो उच्च संभावित क्षेत्र के अन्तर्गत आते हैं पलॉटेड कालोनियों के लिए EDC 1.23 करोड़ रुपए प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है. ग्रुप हाउसिंग कालोनियों के लिए 400 PPA घनत्व वाली कालोनियों में 4.94 करोड़ रुपए प्रति एकड़ और 300 PPA के लिए 3.71 करोड़ रुपए प्रति एकड़ की दर निर्धारित की गई है.
सोनीपत- पानीपत में हुई यह बढ़ोतरी
सोनीपत और पानीपत को कवर करने वाले हाई- II पोटेंशियल ज़ोन के लिए, प्लॉटेड कॉलोनियों के लिए EDC 96 लाख रुपए प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है जबकि ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के लिए 400 PPA के लिए 3.84 करोड़ रुपए प्रति एकड़ और 300 PPA के लिए 2.88 करोड़ रुपए प्रति एकड़ की दर निर्धारित की गई है. वहीं, पंचकुला में आवासीय प्लॉटेड कॉलोनियों के लिए EDC 39 लाख रुपए प्रति एकड़ और ग्रुप हाउसिंग कॉलोनियों के लिए 1.26 करोड़ रुपए प्रति एकड़ तय किया गया है.
मध्यम संभावना वाले क्षेत्रों अंबाला, कुरुक्षेत्र, बहादुरगढ़, हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, बावल, पलवल, यमुनानगर, धारूहेरा, पृथला, गन्नौर और होडल में प्लॉटेड कॉलोनियों के लिए EDC 82 लाख रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया गया है. इस क्षेत्र में समूह आवास परियोजनाओं के लिए 400 PPA के लिए 3.29 करोड़ रुपये प्रति एकड़ और 300 PPA के लिए 2.47 करोड़ रुपए प्रति एकड़ तय किया गया है.
