चंडीगढ़ | हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की तरफ से एचसीएस भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. अंतिम बार यह परीक्षा साल 2023 में हुई थी. हरियाणा में 2023 के बाद अब एचसीएस एलाइड सर्विस भर्ती का शेड्यूल जारी हो चुका है. कुल 102 पदों पर भर्ती की जाएगी. HPSC की तरफ से आवेदन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है. इन पदों के लिए आवेदन 6 फरवरी से शुरू होंगे व 26 फरवरी तक जमा होंगे.

हरियाणा में 102 पदों पर होगी भर्ती
एचसीएस- एचपीएस के साथ 10 प्रकार के पदों पर भर्ती की जाएगी. इनमें 44 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं. ओएससी के लिए डीएफएससी, एआरसीएस, डीएफएसओ, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के पद रिजर्व नहीं है. डीएससी के लिए डीएफएससी और डीएफएसओ के पद रिजर्व नहीं किए गए हैं. बीसी- ए के लिए डीएफएससी, एआरसीएस, डीएफएसओ, तहसीलदार तो बीसी- बी के लिए डीएफएससी, डीएफएसओ, टीएम, तहसीलदार और नानब तहसीलदार की पोस्ट रिजर्व नहीं रखी गई हैं.
26 अप्रैल को होगी प्रारंभिक परीक्षा
जिन पदों के लिए आरक्षण नहीं हैं, उन पदों के लिए आरक्षित वर्ग के युवाओं को अनारक्षित सीटों के लिए कंपटीशन करना होगा. यह भर्ती एचसीएस- एलाइड सर्विस 2025 की है. इसका अर्थ है कि सरकार इस साल और भर्ती निकाल सकती है. इन पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित होगी जबकि इंटरव्यू का आयोजन अगस्त- सितंबर में किया जाएगा. इस भर्ती प्रक्रिया को पूरा होने में करीब 5 महीने का समय लगेगा. इसके बाद राज्य को 102 अफसर मिल जाएंगे.
पेपर में पूछे जाएंगे बहुविकल्पीय सवाल
उम्मीदवार को सभी लंबित एफआईआर या आपराधिक मामले, दुर्व्यवहार के आरोप, अनुशासनात्मक कार्यवाही, जांच और सिविल मामलों के बारे में बताना होगा, चाहे वे किसी भी कोर्ट या किसी अन्य अथॉरिटी के सामने लंबित हो. 26 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा होगी, इसमें दो पेपर लिए जाएंगे. पहला पेपर जनरल स्टडी और दूसरा पेपर सिविल सर्विस एप्टीट्यूट टेस्ट होगा. दोनों पेपर 100- 100 अंक के रहेंगे. प्रश्न पत्र में बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे. दूसरा पेपर क्वालिफाइंग पेपर होगा, जिसमें 33 प्रतिशत अंक लेना अनिवार्य रहेगा.
चुने जाएंगे पदों के 12 गुना उम्मीदवार
मेरिट पेपर- 1 से बनेगी. प्रारंभिक परीक्षा में कुल पदों का 12 गुना यानी 1224 अभ्यर्थियों का मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए चयन किया जाएगा. 27 से 29 जून तक मुख्य परीक्षा होगी, जिसमें छह पेपर लिए जाएंगे. 2 पेपर हिंदी व अंग्रेजी के रहेंगे जबकि जनरल स्टडी के 4 पेपर होंगे. सभी पेपर 100- 100 अंकों के रहेंगे. इसकी कटऑफ 45 प्रतिशत होगी. दिव्यांगों की कट ऑफ 35 प्रतिशत तक रखी जा सकती है. इंटरव्यू के लिए 75 अंक होंगे.
मुख्य परीक्षा से इंटरव्यू के लिए कुल पदों का तीन गुना यानी 306 युवाओं को सेलेक्ट किया जाएगा. उम्मीदवारों का सिलेक्शन कुल 675 अंकों में से किया जाएगा.