चंडीगढ़ | हरियाणा में बिजली कर्मियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने नए नियुक्त सहायक लाइनमैन (ALM) और कार्यालय सहयोगी (SA) कर्मचारियों के वेतन वृद्धि को मंजूरी दे दी है. इसके तहत, UHBVN में तैनात 2,270 कर्मचारियों के भर्ती के बाद रुके हुए इंक्रीमेंट लगेंगे.
कोर्ट केस के चलते लगी थी रोक
साल 2023 में HVPN में 400, DHBVN में 830 और UHBVN में 2270 एएलएम और एसए की नई नियुक्तियां हुई थीं. HVPN और DHBVN के कर्मचारियों का 3% इंक्रीमेंट लग गया था. 5 हजार दिव्यांग कर्मचारियों की ओर से हाईकोर्ट में केस करने के कारण UHBVN के नए कर्मचारियों के इंक्रीमेंट पर रोक लग गई थी.
अब 1 जुलाई 2025 से वार्षिक वेतन वृद्धि देने का फैसला लिया गया है. इस फैसले के बाद इन कर्मचारियों का वेतनमान दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के समान हो जाएगा.
निगम ने जारी किए निर्देश
पंचकूला स्थित निगम मुख्यालय में प्रशासनिक अभियंता की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है. निगम ने सभी संबंधित कार्यकारी अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि इस निर्णय को तुरंत लागू किया जाए और पात्र कर्मचारियों को उनकी नियमित वेतन वृद्धि समय पर प्रदान की जाए. इस आदेश की प्रतिलिपि निगम के उच्च अधिकारियों और वित्त शाखा को भी भेजी गई है, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो.
