चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रामीण इलाकों के विकास को लेकर प्रतिबद्ध नजर आ रही सूबे की नायब सैनी सरकार ने एक और नई पहल की है. गांवों में विकास कार्यों से जुड़ी प्रक्रियाओं में और ज्यादा पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास एवं पंचायत विभाग के HEW पोर्टल पर जैसे ही कोई टेंडर जारी हो, उसकी जानकारी संबंधित सरपंचों को तत्काल मैसेज के जरिए भेजी जाए.
भ्रष्टाचार पर लगेगी रोक
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस व्यवस्था से ग्रामीण विकास प्रतिनिधियों को विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की समय पर जानकारी मिलेगी, जिससे परियोजनाओं की निगरानी मजबूत हो सकेगी. उन्होंने बताया कि समय पर सूचना मिलने से न केवल विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी बल्कि भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी पर भी रोक लगेगी.
विकास एवं पंचायत विभाग की बैठक के दौरान अधिकारियों ने सीएम नायब सैनी को अवगत कराया कि 1 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों में कच्ची फिरनियों को पक्का करने का काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है. अब तक 600 से ज्यादा गांवों में फिरनियों को पक्का करने का काम पूरा कर लिया गया है और 300 से ज्यादा गांवों में काम चल रहा है.
महिला चौपाल का निर्माण कार्य पूरा
ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश में लगभग 500 महिला चौपाल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 300 के करीब महिला चौपाल बनाने का काम सुचारू रूप से जारी है. पहले चरण में लगभग 1 हजार ई- लाईब्रेरी के नवीनीकरण कार्य को पूरा कर लिया गया है. बहुत जल्द इनमें कम्प्यूटर और पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. आमजन की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य प्रगति पर है.
