चंडीगढ़ | हरियाणा में महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि रविवार को सीएम नायब सैनी ने दो महत्वपूर्ण डिजिटल पोर्टल ‘स्वप्ना डिजिटल ग्राम ई- बाजार’ और ‘सांझा बाजार सेल्स’ लांच किए. इन पोर्टलों की मदद से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अपने उत्पादों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बेचने का सुगम अवसर मिलेगा.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस नई पहल की शुरुआत की गई है. ये दोनों पोर्टल महिलाओं को अपने प्रोडेक्ट्स को ऑनलाइन और अपने खुद के बिक्री बिंदुओं पर ऑफलाइन बेचने में सक्षम बनायेगा.
महिलाओं को मिलेगा फायदा
सीएम नायब सैनी ने जोर देते हुए कहा कि ये पोर्टल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को डिजिटल बाजार से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. उन्होंने बताया कि स्वप्ना डिजिटल ग्राम ई- बाजार पोर्टल के माध्यम से महिलाएं हस्त- शिल्प, जैविक खाद्य पदार्थ और पारंपरिक वस्तुओं जैसे घरेलू प्रोडेक्ट्स की राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन बिक्री कर सकेगी. सांझा बाजार सेल्स पोर्टल स्थानीय बिक्री बिंदुओं पर फोकस करेगा, जहां महिलाएं अपने उत्पादों को स्थानीय बाजारों में आसानी से प्रदर्शित और बिक्री कर सकेगी.
महिलाओं के लिए बनेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में 8 जिलों में इस सुविधा की शुरुआत की गई है. धीरे- धीरे पूरे प्रदेश में इसका विस्तार होगा. उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि इन पोर्टलों की बदौलत हजारों महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा. वहीं, डिजिटल इंडिया के अभियान को सफल बनाने की दिशा में भी ये दोनों पोर्टल बेहद मददगार साबित होंगे.
