चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी ए और प्रदेश की प्रमुख शहरी संपदाओं में बुनियादी ढांचा सुधार को रफ्तार देने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है. चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि शहरी विकास को उच्च प्राथमिकता देते हुए हमारी सरकार द्वारा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) और विभिन्न महानगरीय विकास प्राधिकरणों को 1,700 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की गई है.
CM ने जारी की धनराशि
सीएम नायब सैनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025- 26 के बजट अभिभाषण में बाहरी विकास कार्यों के लिए ईडीसी फंड से 3 हजार करोड़ रुपए HSVP और गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, हिसार और पंचकूला के विकास प्राधिकरणों को आवंटित किए जाने की घोषणा की थी. उन्होंने कहा कि बजट घोषणा को मूर्तरूप देते हुए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने ईडीसी फंड के प्रभावी उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025- 26 में ईडीसी फंड से विभिन्न महानगरीय विकास प्राधिकरणों को 1,500 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं. आज विभिन्न शहरी एस्टेट्स में विकास कार्यों के लिए कुल 1,700 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इनमें HSVP के लिए 700 करोड़ रुपए, गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) को 700 करोड़ रुपए, फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) को 170 करोड़ रुपए, सोनीपत मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (SMDA) को 80 करोड़ रुपए, हिसार मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (HMDA) को 20 करोड़ रुपए और पंचकूला मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (PMDA) को 30 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की गई है.
बुनियादी सुविधाओं में इजाफा
हरियाणा सीएम ने कहा कि HSVP और पांचों महानगरों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, हिसार और पंचकूला में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की धनराशि जारी की गई है. इससे शहरी विकास में तेजी आएगी और लोगों को जल्द- से- जल्द गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
