चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) और सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंचकूला और सोनीपत के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को हरी झंडी दी.
बैठक में हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉक्टर अरविंद शर्मा, सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक निखिल मदान, देवेंद्र कादियान, कृष्ण गहलावत और मेयर राजीव जैन भी उपस्थित रहे.
पंचकूला में बनेगा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
मुख्यमंत्री ने पंचकूला शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित करने की मंजूरी दी. यह केंद्र शहर की बढ़ती शहरी आबादी की जरूरतों को पूरा करने और स्मार्ट प्रौद्योगिकियों के माध्यम से शहरी शासन को बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है. यह केंद्र कुशल सार्वजनिक सेवा वितरण, वास्तविक समय की निगरानी और आपातकालीन प्रतिक्रिया को भी सुनिश्चित करेगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए 587.94 करोड़ रुपए के बजट को भी स्वीकृति दी गई.
सोनीपत के लिए 349.8 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने सोनीपत महानगर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे से जुड़ी विकास परियोजनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2025- 26 के लिए 349.8 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम सोनीपत के नए भवन का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अलग- अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण का कार्यालय, नए नगर निगम भवन के निर्माण पूर्ण होने के बाद वहीं स्थानांतरित किया जाए.
