चंडीगढ़ | विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के पास लाखों रूपए की इनामी धनराशि जीतने का सुनहरा अवसर है. इन महिलाओं को हरियाणा राज्यस्तरीय महिला पुरस्कार के लिए 15 दिसंबर तक अपना आवेदन जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में जमा कराना होगा. इन पुरस्कारों का वितरण 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर किया जाएगा.
महिलाओं को मिलेगी पुरस्कार राशि
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली ने बताया कि इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए 1.50 लाख रुपये, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए 1 लाख रुपये, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए 1 लाख रुपये दिए जाएंगे. लाइफ टाइम अचीवर्स पुरस्कार राशि 21 हजार और 51 हजार रुपये दी जाएगी. समाजसेवी पुरस्कार और महिला उद्यमी पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे.
वैशाली ने बताया कि इस पुरस्कार के लिए किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अपना आवेदन विभाग के प्रोफार्मा के अनुसार जमा करा सकती है. आवेदन करने वाली महिला का जन्म हरियाणा में होना चाहिए और उसे महिलाओं के हित में कार्य करना अनिवार्य है. नामांकन के समय नामांकित व्यक्ति जीवित होना चाहिए. आवेदन के नियम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट wcdhry.gov.in पर उपलब्ध हैं.
समाज को पहुंचाया लाभ
हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय महिला पुरस्कारों के लिए आवेदन शुरू किए हैं. यह पुरस्कार उन महिलाओं को दिए जाते हैं, जिन्होंने अपने सामाजिक योगदान से दूसरों के जीवन को प्रभावित किया है या किसी समुदाय, जाति अथवा समाज को लाभ पहुंचाया है.
