महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. महेंद्रगढ़ जिले से चरखी दादरी और रोहतक जिले को कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली 90.31 किलोमीटर लंबी प्रमुख सड़क को हरियाणा सरकार ने स्टेट हाईवे का दर्जा प्रदान कर दिया है. इस संबंध में गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है.
अब स्टेट हाईवे नंबर-34 से होगी नई पहचान
बता दें कि यह सड़क रोहतक जिले की सीमा से शुरू होकर चरखी दादरी होते हुए महेंद्रगढ़ जिले के मंडी अटेली तक जाती है. इस सड़क मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने स्टेट हाइवे नंबर-34 घोषित कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के प्रयासों से सीएम नायब सैनी ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को अपनी मंजूरी प्रदान की है. स्टेट हाईवे का दर्जा मिलने पर अटेली विधानसभा क्षेत्र के अलावा पूरे महेंद्रगढ़ जिले के लोगों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जाहिर की है.
वहीं, इस सड़क मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा मिलने पर गांव बाघोत से गुजरने वाले NH-152D पर बाघोत कट का रास्ता साफ हो गया है. यह सड़क 3 जिलों के 4 नेशनल हाईवे व दो स्टेट हाईवे को आपस में कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि इस रोड को प्रमुख सड़क मार्ग-124 के रूप में जाना जाता था लेकिन अब इसे स्टेट हाईवे नंबर-34 घोषित कर दिया गया है.
सड़क मार्ग का होगा नवनिर्माण
उन्होंने बताया कि रोहतक, चरखी दादरी व महेंद्रगढ़ की सीमाओं से गुजरने वाली इस सड़क से 709 एक्सटेंशन रोड, 152D, 148B-11 सहित स्टेट हाईवे-20 व स्टेट हाईवे- 24 जुड़े हुए हैं. इस सड़क मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा मिलने पर अब इसके नवनिर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इसके साथ ही, गांव बाघोत में 152D पर बाघोत कट का रास्ता भी साफ हो गया है.
बता दें कि इस कट की मांग को लेकर कई गांवों के लोगों ने एक साल से भी ज्यादा लंबे समय तक धरना प्रदर्शन किया था. मई, 2024 में केन्द्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के आश्वासन के बाद यह धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ था.
