चरखी दादरी | हरियाणा की नायब सैनी सरकार (Nayab Singh Saini) सूबे में सड़क नेटवर्क मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में अब चरखी दादरी से रोहतक सड़क मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा. यह सड़क पिछले काफी लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है जिसके चलते यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है लेकिन अब इस सड़क मार्ग का कायाकल्प होने वाला है. बता दें कि इस सड़क मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग निजी व सरकारी वाहनों के जरिए रोहतक, चंडीगढ़ व हरिद्वार आदि जगहों पर आवाजाही करते हैं.
25 KM लंबी सड़क की बदलेगी तस्वीर
लोक निर्माण विभाग द्वारा जो टेंडर आमंत्रित किए गए है उसके तहत करीब 25 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग का निर्माण किया जाएगा. इसके तहत, दादरी शहर से लेकर बौंद कलां के आगे चरखी दादरी जिले की सीमा तक इस सड़क का निर्माण किया जाएगा. उससे आगे रोहतक जिले की सीमा लगती है और वहां पर सड़क की स्थिति पहले से सही है.
दादरी- रोहतक सड़क मार्ग की चौड़ाई खेरड़ी तक 7 मीटर है, लेकिन दोबारा निर्माण के समय गांवों में इस सड़क की चौड़ाई 3 मीटर बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी. इसके लिए साइडों में ब्लॉक लगाए जाएंगे और नालों का निर्माण भी किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क निर्माण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और प्रकिया पूरी कर मार्च महीने में इसका निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा.
टेंडर किए गए आमंत्रित
लोक निर्माण विभाग चरखी दादरी के XEN कृष्ण कुमार ने बताया कि इस सड़क मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं. टेंडर 14 जनवरी से खोले गए हैं और 7 फरवरी की शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे. करीब 25 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के निर्माण के लिए 54 करोड़ 67 लाख 41 हजार रूपए के टेंडर आमंत्रित किए गए हैं.
इन गांवों को मिलेगा फायदा
इस सड़क मार्ग पर पड़ने वाले रावलधी, कमोद, मिर्च, कोहलावास, लांबा, सौंफ, कासनी, सांवड़, हिंडोल, झिंझर, सांजरवास, रानीला, बौंद कलां, बौंद खुर्द, रणकोली, उण आदि गांवों के लोगों को सड़क निर्माण का सीधा लाभ मिलेगा. यहां से गुजरते हुए रोहतक पीजीआई, चंडीगढ़, हरिद्वार जाने वाले हजारों लोगों को इस सड़क मार्ग के पुननिर्माण का फायदा पहुंचेगा.
