अब प्राइवेट स्कूलों में फ्री में पढ़ाई करेंगे सरकारी स्कूलों के छात्र, जानें क्या है हरियाणा सरकार की ‘चिराग’ योजना

चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को प्रदेश की मनोहर सरकार बड़ा लाभ देने की तैयारी कर रही है. दूसरी से बारहवीं कक्षा तक के ये छात्र अब अपनी पसंद के मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूल में फ्री में पढ़ाई कर सकेंगे. स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां खत्म होते ही एक जुलाई से आठ जुलाई तक आर्थिक रूप से कमजोर छात्र प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं.

HARYANA 134A NEWS

राज्य में 381 स्कूलों ने समान शिक्षा राहत सहायता एवं अनुदान (चिराग) योजना के तहत स्टूडेंट्स को एडमिशन देने की सहमति दी है, जिसका कक्षावार रिक्त सीटों का ब्याेरा पोर्टल पर उपलब्ध है. एडमिशन को लेकर मौलिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को गाइडलाइन जारी की हैं.

इस योजना के तहत केवल वही स्टूडेंट्स प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन लेने के पात्र होंगे जिनका एडमिशन पिछली कक्षा में सरकारी स्कूल में था. यह स्टूडेंट्स जिस खंड में पढ़ रहे हैं, उसी खंड के मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूल में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकेंगे. इन स्टूडेंट्स के लिए एक से अधिक स्कूलों में आवेदन करने का भी ऑप्शन रहेगा.

सभी प्राइवेट स्कूलों को कक्षा अनुसार घोषित खाली सीटों की जानकारी नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करनी होगी. जिन स्कूलों में निर्धारित सीटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होंगे , वहां 11 जुलाई को अभिभावकों की मौजूदगी में ड्रा निकाला जाएगा. इसके बाद 12 से 21 जुलाई तक एडमिशन प्रक्रिया चलेगी. निर्धारित डेट तक एडमिशन न लेने पर उनकी रिक्त सीटों पर वेटिंग लिस्ट के स्टूडेंट्स के एडमिशन 22 से 27 जुलाई तक किए जाएंगे.

यह भी पढ़े -  शहरी निकाय चुनावों के रण में उतरी हरियाणा BJP, मेयर पद के लिए घोषित किए उम्मीदवार

परिवार पहचान पत्र से सत्यापित होगी आय

चिराग योजना के तहत केवल वही स्टूडेंट्स प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन ले सकेंगे जिनके परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपए से कम होगी. परिवार पहचान पत्र की वार्षिक सत्यापित आय ही मान्य होगी. संबंधित स्कूल स्टूडेंट को एडमिशन के बाद रसीद भी अवश्य देगा. एडमिशन के लिए स्टूडेंट काे पिछले सरकारी स्कूल का स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) लेना अनिवार्य है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.