फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि पंचायत विभाग की ओर से जिले के 3 खंडों के 5 गांवों में अटल ई- लाईब्रेरी का उद्घाटन किया गया है. इससे ग्रामीण इलाकों के युवाओं को अपने घर के पास ही नौकरियों की परीक्षा के लिए तैयारी करने की बेहतर सुविधा का लाभ मिलेगा.
इन गांवों में शुरू हुई लाईब्रेरी
फरीदाबाद जिले के जिन गांवों को ई- लाईब्रेरी की सौगात मिली है, उनमें बल्लभगढ़ खंड के अटाली, अटेरना, नरियाला, तिगांव खंड के बुखारपुर और फरीदाबाद खंड का मांगर गांव शामिल हैं. अब इन गांवों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15- 20 किलोमीटर चलकर शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी.
सुशासन दिवस पर उद्घाटन
इन गांवों में ई- लाईब्रेरी का उद्घाटन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाने के शुभ अवसर पर किया गया है. खंड एवं विकास पंचायत अधिकारी आरती यादव ने इन लाईब्रेरी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं से कहा कि यदि आप दिन- रात मेहनत जारी रखेंगे तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमेगी. मेहनत करने वाले हमेशा सफलता के शिखर पर पहुंचते हैं.
अपने- अपने गांवों में ई- लाईब्रेरी की शुरुआत होने पर युवाओं ने खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया. युवाओं ने कहा कि घर के नजदीक लाईब्रेरी की सुविधा मिलने पर अब शहर के लिए भाग-दौड़ नहीं करनी पड़ेगी. इससे हमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहले से ज्यादा समय मिलेगा. अभी तक सर्दी- गर्मी हो या फिर बारिश का मौसम, पढ़ने के लिए शहर की लाईब्रेरी में जाना ही पड़ता था लेकिन अब इस समस्या से छुटकारा मिलने पर बहुत खुशी हो रही है.
