फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में जल्द ही नए हाईटेक मौसम केंद्र की स्थापना की जा रही है. बता दें कि फरीदाबाद शहर के सेक्टर- 16 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्रों और शोध से जुड़े लोगों को मौसम की सटीक और आधुनिक जानकारी के लिए हाईटेक मौसम केंद्र बनाया जाएगा. इस केंद्र की मदद से छात्रों को हर घंटे रियल टाइम मौसम डेटा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे मौसम विज्ञान को प्रैक्टिकल तरीके से समझ सकेंगे.
पुणे स्थित केंद्र से होगा मॉनिटर
यह पहल केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के ‘मौसम मिशन’ के तहत की जा रही है. इस मौसम केंद्र में तापमान, नमी, हवा की गति, वर्षा सहित कई महत्वपूर्ण पैरामीटर्स की सटीक जानकारी रिकॉर्ड की जाएगी. खास बात यह है कि यह डेटा छात्रों और शिक्षकों के लिए सीधे उपलब्ध रहेगा जिससे पढ़ाई और रिसर्च कार्य में मदद मिलेगी. इस परियोजना की एक महत्वपूर्ण विशेषता है कि पूरे सिस्टम की निगरानी पुणे से की जाएगी और वहां के विशेषज्ञ लगातार डेटा पर नजर रखेंगे. इससे जानकारी की शुद्धता और विश्वसनीयता बनी रहेगी.
आधुनिक तकनीक से जोड़ना लक्ष्य
इस परियोजना का लाभ केवल मौसम के पूर्वानुमान तक सीमित नहीं है बल्कि इससे छात्र- छात्राओं को शोध कार्य, प्रोजेक्ट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी. इसके साथ ही यह केंद्र कृषि, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में भी अहम भूमिका अदा करेगा. इस पहल का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और मौसम से जुड़े अध्ययन को मजबूत बनाना है. यह केंद्र भविष्य में रिसर्च और स्थानीय मौसम पूर्वानुमान को बेहतर बनाने में भी मदद करेगा.
