फरीदाबाद का प्याला फ्लाईओवर दिलाएगा ट्रैफिक जाम से छुटकारा, 50 गांवों को हाइवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नेशनल हाईवे से कई गांवों को जोड़ने वाले सड़क मार्ग पर अब सफर पहले से आसान होने जा रहा है. यहां प्याला रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है.

Flyover Bridge 2

लंबे समय से इस जगह पर लोग बंद फाटक और ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे हैं. अब तस्वीर बदलने जा रही है. फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा होने पर ट्रैफिक संचालन बेहतर होगा और आसपास के 50 गांवों की लाखों की आबादी को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.

35 करोड़ रुपए की योजना

प्रोजेक्ट इंजिनियर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पहले मॉनसून सीजन और फिर त्यौहारी सीजन के चलते निर्माण कार्य पर ब्रेक लगा हुआ था, लेकिन अब दोबारा से काम तेज गति से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि अब पिलरों पर स्लैब डालने का काम चल रहा है, जिसके बाद उनपर बड़े गार्डर रखें जाएंगे.

उन्होंने बताया कि करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणधीन इस फ्लाईओवर के अगले साल जुलाई महीने तक तैयार होने की उम्मीद है. 35% काम पूरा हो चुका है. यहां सुबह आठ बजे से रात 8 बजे तक निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है.

फरीदाबाद के कई गांवों को मिलेगा फायदा

इस फ्लाईओवर के निर्माण से प्याला, डीग और सागरपुर जैसे गांव सीधे तौर पर इससे जुड़ जाएंगे और आगे जाकर यह रास्ता हाईवे से मिलता हुआ वाहनों को बिना रुकावट के आगे बढ़ाने में मदद करेगा. सबसे बड़ी राहत उन लोगों को मिलेगी जो रोजाना ऑफिस या फैक्ट्री में जाने के लिए इस फाटक के खुलने का इंतजार करते हैं.

फाटक देर से खुलने की वजह से अक्सर यहां बाईक, गाडियां और एंबुलेंस ट्रैफिक जाम में फंसकर रह जाती है. फाटक बंद होने से स्कूल बस को देरी हो जाती है. वहीं, फाटक बंद होने पर जल्दबाजी में इससे गुजरने वाले वाहनों के चलते हादसे होने का अंदेशा बना रहता है. अब फ्लाईओवर के निर्माण से इससे छुटकारा मिलेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.