गरीबी की बेड़ियां तोड़कर बनाई नई पहचान, राजमिस्त्री की बेटी पूजा ने नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर किया गोल्ड पर कब्जा

फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद के गांव बोसती की रहने वाली पूजा ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी बाधा सफलता के रास्ते में नहीं आ सकती. जहां कई लोग मुश्किलों के आगे हार मान लेते हैं, वहीं पूजा ने अपनी मेहनत और लगन से हर चुनौती को पार किया. उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए हाई जंप प्रतियोगिता में 1.84 मीटर की ऊंची छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम कर दिया. इस प्रतियोगिता में तमिलनाडु की गोबिका ने 1.79 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता, जबकि फतेहाबाद की ही रेखा ने 1.77 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया.

Puja Fathebad

पूजा वर्तमान में गांव पारता की स्पोर्ट्स अकादमी में प्रैक्टिस कर रही हैं. उनके कोच बलवान पारता ने बताया कि राजमिस्त्री की बेटी पूजा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने जिले और राज्य का नाम रोशन किया है.

गांव के नाम पर रखा अकेडमी का नाम

कोच बलवान पारता ने बताया कि उन्होंने अपने गांव के नाम पर ही स्पोर्ट्स अकादमी बनाई है, जहां बच्चों को रोजाना सुबह और शाम कड़ी ट्रेनिंग दी जाती है. सरकार से कोई विशेष सुविधा नहीं मिलने के बावजूद भी इस अकादमी में बेहतरीन खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं. पूजा भी यहीं पर रोजाना घंटों मेहनत करती हैं और अपने खेल को निखारती हैं. कोच बलवान का कहना है कि सरकार को खिलाड़ियों की मदद के लिए आगे आना चाहिए.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

ओलंपिक में पदक जीतने का लक्ष्य

पूजा ने बताया कि उन्होंने 18 जनवरी से शुरू हुए नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया और 12 फरवरी को हाई जंप प्रतियोगिता में नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता. इससे पहले यह रिकॉर्ड पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन के नाम था. पूजा का कहना है कि वह सरकारी स्कूल में ट्रेनिंग करती हैं और रोजाना कम से कम 8 घंटे मैदान में अभ्यास करती हैं.

अपनी सफलता का श्रेय वह अपने कोच और माता- पिता को देती हैं, लेकिन सरकार से अपील करती हैं कि उन्हें जल्द- से- जल्द कैश प्राइज दिया जाए, ताकि वह एशियन गेम्स की तैयारी में जुट सकें. उनका अगला लक्ष्य अब ओलंपिक में पदक जीतना है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts