गुरुग्राम | नए गुरुग्राम से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां की 3 मुख्य सड़कों को द्वारका एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के मुख्य प्रशासक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने इस संबंध में जमीन खरीदने के आदेश जारी कर दिए हैं. बता दें कि HSVP ने इस एक्सप्रेसवे के दोनों ओर 30- 30 मीटर में ग्रीन एरिया विकसित करने की योजना बनाई थी, लेकिन इसके लिए जमीन अधिग्रहित नहीं की गई. इस वजह से नए गुरुग्राम की 8 मुख्य सड़कों को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम लटक गया.
सर्वे में पाई गई यह चीजें
HSVP ने जमीन का सर्वे किया, तो पाया कि इन मुख्य सड़कों को जोड़ने के लिए 4.33 एकड़ जमीन अधिग्रहण की जरूरत है. HSVP और GMDA ने जमीन मालिकों के सहयोग से सेक्टर- 110- 110A, 112- 113, 106- 109, 102- 102A, 101- 104 को विभाजित कर रही मुख्य सड़कों को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ दिया था, लेकिन अब जमीन मालिकों की तरफ से जमीन के बदले में मुआवजा देने का दबाव बनाया जा रहा है.
इन लोगों को झेलनी पड़ रही समस्या
सेक्टर 99- 99A और सेक्टर 102A- 103 की मुख्य सड़क को अभी तक द्वारका एक्सप्रेसवे से नहीं जोड़ा जा सका है. इसकी वजह से आसपास विकसित रिहायशी सोसाइटी के लोगों को समस्या झेलनी पड़ रही है. सबसे ज्यादा समस्या सेक्टर- 99 और 99A में विकसित लक्ष्मी परीना अपार्टमेंट, हैबिटेट प्राइम, एसोटैक ब्लिक, कॉसमॉस एक्सप्रेस 99, परीना इलाइट, कॉसमॉस केस्केड गार्डन, परीना कोबान रेजिडेंसी के अलावा आसपास लगते गांवों और कॉलोनियों के निवासियों को उठानी पड़ रही है. वहीं, सेक्टर- 109- 112 की मुख्य सड़क का अभी निर्माण कार्य चल रहा है.
नए गुरुग्राम की आठ मुख्य सड़कों को द्वारका एक्सप्रेस-वे से कनेक्टिविटी देने के लिए 4.33 एकड़ जमीन की आवश्यकता है. HSVP से जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है. जमीन मिलते ही इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. अरूण धनखड़, चीफ इंजीनियर, GMDA
