गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में वार्ड नंबर- 12 के अन्तर्गत साउथ सिटी Phase- 1 के N ब्लॉक में 18 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा. रविवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस योजना का उद्घाटन किया. स्थानीय निवासी लंबे समय से इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग उठा रहे थे, जिसे अब पूरा किया जा रहा है.
स्थानीय निवासियों को मिलेगी सहुलियत
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे शहरों की सूची में शामिल गुरुग्राम सुदृढ़ सड़क ढांचा नागरिकों की बुनियादी आवश्यकता है. शहरों में ट्रैफिक संचालन को सुगम और सुरक्षित बनाना हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग के निर्माण से साउथ सिटी के लोगों को आवाजाही में सहुलियत होगी और साथ ही ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने में मदद मिलेगी. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को जल्द- से- जल्द निवारण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए.
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
केंदीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को ही धनवापुर गांव में प्रस्तावित अजीत स्टेडियम का शिलान्यास किया. इसके साथ ही, उन्होंने धनवापुर अंडरपास से सामुदायिक केंद्र तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया. इस सड़क मार्ग के निर्माण की भी लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है. इसके बनने से गांव के लोगों की आवाजाही आसान और सुरक्षित हो सकेगी.
