गुरुग्राम | केंदीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा हाल ही में Annual Fastag Pass की घोषणा की गई है. इसी साल 15 अगस्त से देशभर में इसकी शुरुआत होने जा रही है. वाहन चालक मात्र 3 हजार रुपए सालाना भुगतान कर इस पास को बनवा सकते हैं, जिसके बाद सभी नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर बेफिक्र होकर सफर का आनंद उठा सकेंगे.
NCR के 2 शहरों के बीच फास्टैग के एनुअल पास का उपयोग नहीं किया जा सकेगा और इसकी एक बड़ी वजह सामने आई है.
गुरुग्राम- फरीदाबाद हाइवे पर नहीं मिलेगा लाभ
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद हरियाणा राज्य में पड़ते हैं. दिल्ली से जुड़ाव होने के चलते दोनों शहरों के बीच रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं. MoRTH की ओर से Annual Fastag Pass को जारी करने के बाद जहां देशभर में इसका उपयोग किया जा सकेगा, वहीं इन दोनों शहरों के बीच बने सड़क मार्ग पर इस पास का लाभ नहीं मिलेगा.
फरीदाबाद से गुरुग्राम के बीच फोरलेन हाइवे बना हुआ है, जो दिल्ली से भी कनेक्टिविटी प्रदान करता है. लेकिन इस हाइवे पर स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर Annual Fastag Pass का उपयोग नहीं किया जा सकेगा क्योंकि यह सड़क नेशनल हाईवे, एक्सप्रेस-वे या NHAI के अन्तर्गत नहीं आती है. यह सड़क मार्ग प्रदेश सरकार के अधीन है और इसपर स्थापित टोल प्लाजा की व्यवस्था भी प्रदेश सरकार की ओर से की गई है.
यह रहेगी शर्तें
MoRTH की ओर से इस एनुअल पास को लेकर स्पष्ट किया गया है कि भले ही इसका नाम Annual Fastag Pass रखा गया है, लेकिन यह जरूरी नहीं है कि इसे पूरा साल इस्तेमाल किया जा सकेगा. मंत्रालय के अनुसार, इसका उपयोग 200 ट्रिप या एक साल जो भी पहले होगा, तब तक के लिए किया जा सकेगा.
