गुरुग्राम | हरियाणा में शराब के ठेकों की नीलामी में इस बार जमकर पैसा बरसा है. साईबर सिटी गुरुग्राम शहर के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित ब्रिस्टल चौक का ठेका लगभग 100 करोड़ रुपये में बिका है. यह हरियाणा के इतिहास में सबसे महंगी नीलामी है. ब्रिस्टल चौक के ठेके के लिए 98.5 करोड़ रुपये की बोली लगी है, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में इस ठेके की बोली 48 करोड़ रुपए लगी थी. यानि इस बार नीलामी सीधी दोगुना पैसों में हुई हैं.

इस वजह से टूटे रिकॉर्ड
गुरुग्राम उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है. इससे सरकार को अच्छा- खासा मुनाफा हो रहा है. पूर्वी गुरुग्राम में हुई शराब के ठेकों की नीलामी से सरकार को कुल 1270.40 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो उम्मीद से कहीं ज्यादा है. उन्होंने बताया कि गुरुग्राम और अन्य क्षेत्रों के ठेकों की नीलामी अभी बाकी है, जिससे राजस्व में और बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस बार सरकार ने शराब के ठेकों की नीलामी 21 महीने की अवधि के लिए की है, जिससे दीर्घकालिक राजस्व की संभावनाएं और बढ़ गई हैं.
ठेका अत्यंत लाभकारी
ब्रिस्टल चौक का ठेका गुरुग्राम के पॉश DLF क्षेत्र और दिल्ली बॉर्डर के नजदीक स्थित है. यही वजह मानी जा रही है कि इस ठेके की बोली इतनी ऊंची लगी है. इलाके में शराब की खपत, ग्राहकों की संख्या और व्यापारिक दृष्टिकोण से यह ठेका अत्यंत लाभकारी माना जाता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि अन्य जोन में होने वाली नीलामी में यह रिकार्ड टूटता है या नहीं.