गुरुग्राम | वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम- फरीदाबाद (Gurugram- Faridabad) रोड स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर 1 मई से कैश ट्रांजेक्शन सर्विस पूरी तरह से बंद हो जाएगी. यानि टोल प्लाजा पर नकद धनराशि से टोल टैक्स के भुगतान का सिस्टम बंद हो जाएगा.
1 मई से कैश भुगतान होगा बंद
टोल प्रबंधन ने बताया कि 30 अप्रैल की रात 12 बजे के बाद यह आदेश लागू हो जाएगा. इस आदेश के बाद टोल प्लाजा पर भुगतान के लिए केवल FasTag ही मान्य होगा. हालांकि, कुछ सीमित अवधि के लिए UPI के जरिए भी टोल टैक्स का भुगतान करने की सुविधा मिलेगी.
FasTag को करा लें रिचार्ज
टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें न हो, इसके लिए टोल प्लाजा को पूरी तरीके से fastag से ऑपरेट कर दिया गया है. टोल प्रबंधन ने कहा है कि टोल का संचालन कर रही कंपनी ने कैश का लेनदेन पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है. टोल प्लाजा पर कैश के जरिए टोल टैक्स का भुगतान करने वाले वाहन चालकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने वाहनों पर Fastag लगवा लें. इनके Fastag में बैलेंस नहीं हैं, वे फटाफट रिचार्ज करवा लें.
टोल प्लाजा को जाम फ्री बनाने की पहल
बंधवाड़ी टोल प्लाजा के मैनेजर अमित सिन्हा ने बताया कि कैश ट्रांज़ैक्शन के चलते अक्सर परेशानी खड़ी हो रही थी. खासकर पीक आवर्स के दौरान तो वाहनों की लंबी- लंबी कतारें लग जाती थी. अब इसी समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए कैश से टोल टैक्स भुगतान की व्यवस्था को बंद कर दिया गया है. जिन वाहनों पर Fastag नही लगा है, उनसे इसे लगवाने की अपील की जा रही है. टोल प्लाजा को जाम फ्री बनाने के उद्देश्य से इस पहल की शुरुआत की गई है.
