गुरुग्राम | दिल्ली- NCR में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने दिल्ली के सराय काले खां से वाया गुरुग्राम होते हुए राजस्थान के नीमराना तक नमो भारत ट्रेन संचालित करने की तैयारियां तेज कर दी है. इस रूट की नई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है, जिसे मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार के पास भेजा गया है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 35,743 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
अब यह होगा नया रूट
केंद्र सरकार ने पुराने रूट में बदलाव किया है. अब नए रूट के तहत नमो भारत ट्रेन दिल्ली के सराय रोहिल्ला से शुरू होकर यह दिल्ली के INA, मुनिरका और एरो सिटी से होते हुए दिल्ली- जयपुर हाईवे पर साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर, पचगांव, बिलासपुर चौक होते हुए रेवाड़ी के धारूहेड़ा, बावल, रेवाड़ी से निकलकर राजस्थान में नीमराना के पास तक जानी है. इस ट्रेन के संचालन से इन शहरों के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.
197 हेक्टेयर जमीन की जरूरत
नमो भारत ट्रेन के लिए 197 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता है. इनमें 23 एकड़ निजी जमीन शामिल है. 56 हेक्टेयर जमीन अस्थाई तौर पर NCRTC को चाहिए. गुरुग्राम में 22.64 हेक्टेयर सरकारी जमीन की नमो भारत ट्रेन के लिए जरूरत है, जबकि 7.47 एकड़ निजी जमीन की जरूरत होगी. यहां जमीन खरीदने पर करीब 500 करोड़ रुपए खर्च होंगे. जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होने पर इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जाएगा.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन के 17 स्टेशन में से 8 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे. इनमें गुरुग्राम के 5 स्टेशन शामिल हैं. साइबर सिटी, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर में अंडरग्राउंड स्टेशन का निर्माण होगा. दिल्ली में 3 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे, जिनमें INA, मुनिरका और एरो सिटी शामिल हैं. बाकी स्टेशन एलिवेटेड रहेंगे. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर लोगों को तीव्र गति का एक और सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा.
