गुरुग्राम | देश के सबसे छोटे एवं हाईटेक द्वारका एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे रोकने की कवायद शुरू हो गई है. इस संबंध में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) से द्वारका एक्सप्रेस-वे के 6 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का आग्रह किया गया है. GMDA ने तर्क दिया है कि इन चौराहों से वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे सड़क दुघर्टना होने की संभावना बनी रहती है.
NHAI से मांगा अनापत्ति प्रमाण- पत्र
GMDA द्वारा इन चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए एक कंपनी को टेंडर आवंटित किया गया है. अब ट्रैफिक सिग्नल लगाने से पहले NHAI से अनापत्ति प्रमाण- पत्र मांगा गया है. बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया जाएगा. इसके बाद, 20 जुलाई तक इन 6 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगा दिए जाएंगे.
तेज गति से गुजरते हैं वाहन
स्थानीय निवासियों ने बताया कि GMDA द्वारा हाल ही में सेक्टर- 102/ 102A की मुख्य सड़क का निर्माण किया गया है. ऐसे में अब वाहन तेज रफ्तार से द्वारका एक्सप्रेसवे के चौराहे से गुजरते हैं. इस वजह से सड़क दुघर्टना होने का अंदेशा बना रहता है. ट्रैफिक सिग्नल लगाने से काफी हद तक इस तरह के मामलों में कमी आएगी. सेक्टर- 109 में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास एक शॉपिंग मॉल हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं. ऐसे में गोल चक्कर पर ट्रैफिक सिग्नल लगाना बेहद जरूरी है.
द्वारका एक्सप्रेसवे के 6 चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने की योजना है. इस संबंध में NHAI से अनापत्ति प्रमाणपत्र मांगा गया था और अगले सप्ताह तक इसके मिलने की उम्मीद है. आमजन के सफर को सुरक्षित बनाने और सड़क दुघर्टनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 20 जुलाई तक ट्रैफिक सिग्नल लगा दिए जाएंगे.
