नई दिल्ली | मुंबई और दिल्ली के बाद अब एलन मस्क की टेस्ला इंडिया मोटर एंड एनर्जी कंपनी गुरुग्राम में अपना तीसरा शोरूम खोलेगी. अमेरिका के मशहूर बिजनेसमैन एलन मस्क की टेस्ला ने सोहना रोड स्थित ऑर्किड बिजनेस पार्क में करीब 51 हजार वर्ग फुट का सुपर बिल्ट- अप एरिया 9 साल के लिए लीज पर लिया है. कंपनी यहां शोरूम, सर्विस सेंटर और वेयरहाउस तैयार करेगी.
लीज एग्रीमेंट 15 जुलाई से हुआ लागू
रियल एस्टेट एनालिसिस फर्म CRE मैट्रिक्स द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार टेस्ला ने गरवाल प्रॉपर्टी से 33,475 वर्ग फुट का चार्जेबल एरिया लीज पर लिया है जो 15 जुलाई 2025 से शुरू हुआ है और इसका रजिस्ट्रेशन 28 जुलाई को किया गया है. कंपनी यहां इलेक्ट्रिक वाहनों की सेल, सर्विस और स्टॉकिंग का काम करेगी. पहले साल के लिए कंपनी 40.17 लाख रुपए प्रति माह किराया देगी, जिसमें हर साल इजाफा होता रहेगा.
पार्किंग की भी मिलेगी सुविधा
लीज़ की शर्तों के अनुसार, कंपनी ने सिक्योरिटी के तौर पर 2.41 करोड़ रुपए जमा करवा दिए हैं. इसके अनुसार, हर महीने की 7 तारीख से पहले किराया अदा करना होगा. टेस्ला के कर्मचारी और ग्राहकों को पार्किंग में कोई दिक्कत ना हो, इसलिए इस प्रॉपर्टी में कुल 51 पार्किंग स्थान उपलब्ध करवाए जाएंगे.
प्रॉपर्टी का मालिकाना हक में सनसिटी रियल एस्टेट एलएलपी का 21%, ऑर्किड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड का 3.06% और गरवाल प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड का सबसे बड़ा 75.94% हिस्सा होगा. गुरुग्राम के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्र के करीब होने के चलते टेस्ला द्वारा ऑर्किड बिजनेस पार्क का चुनाव किया गया है. यहां कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की जाएगी. दिल्ली एनसीआर इलाके के ग्राहकों को अपनी तरफ खींचने की दिशा में कंपनी द्वारा इस स्थान को रणनीतिक रूप से सिलेक्ट किया गया है.
इस लिए मिल रहा इलेक्ट्रिक सेक्टर को बढ़ावा
एनसीआर में बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजार को ध्यान में रखते हुए टेस्ला ने इस क्षेत्र में एंट्री की है. फास्टर एडॉप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (FAME) योजना और इलेक्ट्रिक वाहनों पर कम जीएसटी जैसी सरकारी नीतियों के चलते इस उद्योग को बड़ा समर्थन मिला है. ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी गुरुग्राम में टेस्ला का सुपर चार्ज नेटवर्क भी स्थापित कर सकती है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग और ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा.
