गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) को गुरुग्राम में दो नए प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर भोंडसी से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से सेक्टर- 5 तक के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए एक बोली प्राप्त हुई है.
17 किलोमीटर लंबी होगी मेट्रो लाइन
HMRTC के एक अधिकारी ने बताया कि बोली का अभी तकनीकी मूल्यांकन चल रहा है और इस काम के पूरा होने पर ही वित्तीय बोली खोली जाएगी. उन्होंने बताया कि इन दो मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (MRTS) कॉरिडोर की DPR तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्ति बारे 19 मार्च को बोली आमंत्रित की गई थी. HMRTC बोर्ड ने इन दोनों MRTS कॉरिडोर की DPR तैयार करने को मंजूरी प्रदान कर दी है.
अधिकारियों ने बताया कि भोंडसी से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक 17 किलोमीटर लंबी यह मेट्रो लाइन वाटिका चौक, सुभाष चौक, राजीव चौक, सदर बाजार और गुरुग्राम बस स्टैंड से होकर गुजरेगी. यह राजीव चौक पर प्रस्तावित दिल्ली- गुरुग्राम- अलवर आरआरटीएस कॉरिडोर से जुड़ेगी और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के पास मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से स्वीकृत मेट्रो विस्तार से जुड़ेगी.
यहां पर मिलेगी कनेक्टिविटी
दूसरा कॉरिडोर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से सेक्टर- 5 तक 13.6 किलोमीटर लंबा होगा. इसे शीतला माता रोड अलाइनमेंट के बाद मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सिग्नेचर टावर क्रॉसिंग, राणा प्रताप चौक और अतुल कटारिया चौक पर रोकने का प्रस्ताव है. एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ये कॉरिडोर प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनो के माध्यम से मौजूदा गुरुग्राम मेट्रो परियोजना और दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर आरआरटीएस नेटवर्क के साथ एकीकृत होंगे.
