गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा सेक्टर- 58 से 115 तक 32 प्रमुख चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक लाइट लगाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है और 31 जुलाई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
शहर के 20 चौराहों पर यह व्यवस्था लागू कर दी गई है. जिससे वाहन चालकों को राहत महसूस हो रही है. सेक्टर- 81 से 95 तक ट्रैफिक का संचालन अब पहले से कहीं अधिक नियंत्रित और सुगम हो गया है.
CCTV कैमरों से होगी निगरानी
GMDA के ट्रैफिक डिवीजन के कार्यकारी अभियंता आरके मित्तल ने बताया कि सेक्टर- 86 स्थित सती चौक, रामपुरा चौक, खेड़की माजरा क्षेत्र, मल्टीयूटिलिटी काॅरिडोर पर स्थित सेक्टर 84- 86 चौक और सेक्टर- 90 चौक जैसे व्यस्त इलाकों में स्मार्ट ट्रैफिक लाइट लगने के बाद ट्रैफिक जाम से काफी हद तक छुटकारा मिल रहा है. उन्होंने बताया कि इन लाइटों के साथ चौराहों पर CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सके. इससे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.
ट्रैफिक संचालन होगा सुगम
कार्यकारी अभियंता आरके मित्तल ने बताया कि स्मार्ट ट्रैफिक लाइट लगाने की योजना पर अब तक 7.46 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च हो चुकी है. यह राशि ट्रैफिक लाइट्स की स्थापना, सिस्टम इंटीग्रेशन और साफ्टवेयर पर खर्च हुई है. इससे काफी हद तक शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में मदद मिलेगी.
