फरीदाबाद | अबकी बार गर्मियों के मौसम में हरियाणा रोडवेज (Haryana Roadways) की बसों में सफर करना मुश्किल भरा नहीं रहेगा, क्योंकि गुरुग्राम और फरीदबाद जिले के निवासियों के लिए सरकार एक बड़ी सुविधा देने वाली है. सरकार इन दोनों जिलों को 100- 100 AC बसों की सौगात देने वाली है. बसों की खरीद के मामले को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली हाई पावर परचेज कमेटी में रखा जाएगा.
केंद्र सरकार द्वारा इन बसों के लिए एक कंपनी का चुनाव कर लिया गया है. हालांकि, निकाय चुनाव के बाद इस अजेंडे को पास किया जाएगा. केंद्र सरकार ने इन बसों के लिए JBM कंपनी को चुना है.
कंपनी देगी 450 AC बसें
कंपनी हरियाणा को 450 एसी बसें देगी. AC बसें 9 मीटर की स्टैंडर्ड फ्लोर की होगी. गुरुग्राम जिले में 100 बसें द्वारका एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टरों, दिल्ली एयरपोर्ट, सेक्टर 56 और शहर में लोगों को यातायात सुविधा देंगी. इस बारे में जानकारी देते हुए JMDA के मोबिलिटी डिवीजन के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि गुरुग्राम शहर को 100 बसें अलॉट हुई हैं. केंद्र सरकार ने इसके टेंडर भी फाइनल कर दिए हैं. इनकी खरीद का मामला हाई पावर परचेज कमेटी में रखा जाएगा. वहां से मंजूरी के बाद कंपनी से बाकी औपचारिकताएं की जाएगी.
बनाया जा रहा नया बस स्टैंड
बढ़ती जनसंख्या को मद्देनज़र रखते हुए साल 2031 तक गुरुग्राम में 1025 बसों की जरूरत होगी, जिस कारण नए बस स्टैंड को बनवाने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं. सेक्टर 48 में बस डिपो बनाया जा रहा है, जहां E- बसों की चार्जिंग की सुविधा भी दी जाएगी. इसके अलावा, सेक्टर 113 में भी जल्दी ही जमीन मिलने की उम्मीद है. यहां 100 बसों की क्षमता वाला डिपो तैयार किया जाएगा. वर्तमान में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) की तरफ से गुरुगमन नाम से सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है.
