गुरुग्राम | यदि आप प्रोपर्टी मार्केट में मंदी होने की बात सोच रहे हैं, तो आपका यह अंदाजा पूरी तरह से गलत है. जी हां, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम (Gurugram) में बने ट्रंप रेजिडेंसेस के सभी 298 लग्जरी घर लॉन्चिंग के दिन ही बिक गए. इनकी कीमत 8 करोड़ से 15 करोड़ रुपये के बीच रही. पहले दिन 3250 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई है. इसमें 125 करोड़ रुपये के 4 पेंटहाउस भी शामिल हैं. गुरुग्राम में ट्रंप रेजिडेंसेस को स्मार्टवर्ल्ड डेवलपर्स और ट्रिबेका डेवलपर्स ने मिलकर बनाया है.
ट्रंप रेजिडेंसेस को शानदार रिस्पॉन्स
यह प्रोजेक्ट गुरुग्राम में ट्रंप ब्रांड का दूसरा और देश में छठा हाउसिंग प्रोजेक्ट है. न्यूयॉर्क के बाद गुरुग्राम पहला ऐसा शहर है, जहां पर दो ट्रंप टावर्स हैं. सेक्टर- 69 स्थित ट्रंप रेजिडेंसेस में दो 51 मंजिला टावर हैं, जिनमें 298 लग्जरी घर होंगे. घर की कीमत 8 करोड़ से 15 करोड़ रुपये के बीच है.
स्मार्ट वर्ल्ड डेवलपर्स के फाउंडर पंकज बंसल ने बताया कि ट्रंप रेजिडेंसेस को मिले शानदार रिस्पॉन्स से देश में ग्लोबल लेवल लाइफस्टाइल की चाहत साफ नजर आ रही है. उन्होंने कहा कि हम इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में गर्व महसूस करते हैं और अपने खरीदारों का विश्वास जीतने के लिए धन्यवाद देते हैं.
बेहद खास है ट्रंप टावर्स
गुरुग्राम में बन रहे इस घर की कीमत 8 से 15 करोड़ रुपए के बीच है. ट्रंप टावर्स प्रोजेक्ट की बिक्री 27 हजार रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से शुरू हुई. इसमें खास तरह का अंदरूनी डिजाइन, प्राइवेट लिफ्ट, शानदार क्लबहाउस और खास सर्विस मिलेंगी.
ट्रंप’ के नाम से ब्रांड का एक अलग ही आकर्षण है. यही कारण है कि इसे दुनियाभर के खरीदार खास और महंगा प्रोजेक्ट मानते हैं. इस प्रोजेक्ट में कुल 12 लाख वर्ग फुट का सेलेबल एरिया है. इसमें पूरी तरह से कांच की दीवारें, कुछ घरों में डबल ऊंचाई वाले लिविंग रूम, फर्श से छत तक की बड़ी खिड़कियां, प्राइवेट लिफ्ट और एक शेयरिंग छत होगी जहां से अरावली की पहाड़ियों का नजारा दिखेगा.
