भिवानी | हरियाणा में आज 28 फरवरी से दसवीं की बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाएगी. आज दोपहर 12:30 बजे मैथ का पहला पेपर शुरू होगा जो 3:30 तक चलेगा. इन परीक्षाओं में कुल 2 लाख 93 हजार 395 विद्यार्थी भाग लेंगे. बोर्ड ने परीक्षाओं के लिए 1431 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं. वहीं, नकल रोकने के लिए बोर्ड द्वारा 219 उड़नदस्तों का भी गठन किया गया है.
गुरुवार को 12वीं कक्षा का इंग्लिश का पेपर हुआ था, जो नूंह और पलवल में आउट हो गया, जिसके चलते पलवल के एक केंद्र पर परीक्षा को रद्द कर सेंटर सुपरिंटेंडेंट, पर्यवेक्षक और छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए लिखा गया है. इसी क्रम में पुन्हाना में दो पर्यवेक्षकों को रिलीव किया गया है.
नकल करवाने वालों पर सख्त बोर्ड
पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाईमिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नूंह जिले के टपकान स्थित सरकारी स्कूल से भी 12वीं का इंग्लिश का पेपर आउट हुआ था. टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और क्यूआर कोड और बाकी सुरक्षा फीचर्स की मदद से जिस छात्र ने पेपर को वायरल किया था, उसको पकड़ लिया.
इस मामले में छात्र मोनिश, नफीश और मुश्तकीन को पकड़ लिया गया और पर्यवेक्षक शौकत अली, रकमूदीन और सेंटर सुपरिंटेंडेंट संजय कुमार दोषी पाए गए. इन सभी के खिलाफ कार्रवाई को लिख दिया गया है. इसके अलावा, पुन्हाना में जमालगढ़ सरकारी स्कूल के पर्यवेक्षक अरशद हुसैन और पन्हेड़ा खुर्द सरकारी स्कूल की पर्यवेक्षक प्रवीन को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर ड्यूटी से हटा दिया गया है.
बोर्ड ने जारी की सख्त हिदायतें
बोर्ड परीक्षाओं के लिए बोर्ड ने कई हिदायतें साझा की हैं. इस विषय में जानकारी देते हुए बोर्ड सचिव अजय चोपड़ा ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों को अपने साथ रंगीन एडमिट कार्ड A4 साइज पर प्रिंट करवा कर लाना जरूरी होगा. उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षाओं के सफल संचालन और नकल रोकने के लिए बोर्ड द्वारा 219 उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जिसमें बोर्ड अध्यक्ष व बोर्ड सचिव के प्रभावी उड़नदस्तों के अलावा 22 जिला प्रश्न पत्र उड़नदस्ते, 70 उप- मंडल प्रश्न पत्र उड़नदस्ते, 21 रैपिड एक्शन फोर्स, 8 एसटीएफ एवं 2 नियंत्रण कक्ष उड़नदस्ते शामिल हैं.
पेपर पर अल्फान्यूमैरिक कोड, क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर्स भी इस्तेमाल किए गए हैं. यदि कोई भी विद्यार्थी या अन्य कर्मचारी प्रश्न पत्र की फोटो लेता है या उसे वायरल करता है, तो उसकी जानकारी तुरंत बोर्ड को मिल जाएगी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. इसके अलावा, ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं.
