हिसार का 51 साल पुराना रेलवे ओवरब्रिज अब बनेगा फोरलेन, मिलेगा नया आधुनिक रूप

हिसार | हरियाणा के हिसार शहर की पहचान करीब 51 साल पुराना रेलवे ओवरब्रिज (ROB) अब नए रूप में नजर आएगा. रेलवे और लोक निर्माण विभाग (PWD) की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पुराने पुल को तोड़कर आधुनिक डिजाइन वाले फोरलेन आरओबी का निर्माण किया जाएगा. इस संबंध में पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार की गई जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग को भारतीय रेलवे की मंजूरी मिल गई है. यह आरओबी रेड स्क्वायर मार्केट और लक्ष्मीबाई चौक के बीच स्थित है और शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ने वाला पहला रेलवे ओवरब्रिज माना जाता है.

ROB Pool

इसका निर्माण तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के कार्यकाल में करीब 51 साल पहले हुआ था. अब इसे कैमरी रोड पर बने आरओबी की तर्ज पर धनुषाकार (बो- स्ट्रिंग गर्डर) डिजाइन में विकसित किया जाएगा जिससे यह मजबूत होने के साथ- साथ आकर्षक भी दिखाई देगा.

अलग होंगे मार्ग

नई परियोजना के तहत, पुल को 2- 2 लेन में तैयार किया जाएगा. वाहनों के आने और जाने के लिए अलग- अलग मार्ग होंगे. प्रत्येक लेन की चौड़ाई लगभग 6.55 मीटर रखी जाएगी, जिससे यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या कम होगी. पुल निर्माण के दौरान यातायात पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा. पहले चरण में एक हिस्से को तोड़कर नया बनाया जाएगा जबकि दूसरे हिस्से से वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी. इसके बाद, दूसरे भाग पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के मक्का किसानों के लिए HAU की एडवाइजरी, 31 जुलाई तक करें ये जरूरी काम

जाम से मिलेगी राहत

परियोजना में बीकानेर चौक पर व्हीकुलर अंडरपास (वीयूपी) का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है. वर्तमान में पुल से उतरने के बाद इस चौक पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर इस अंडरपास को योजना में जोड़ा गया है. नए डिजाइन के कारण परियोजना की लागत में भी वृद्धि होगी. पुराने प्रस्ताव के अनुसार, परियोजना की अनुमानित लागत करीब 86 करोड़ रुपये थी लेकिन अब संशोधित डिजाइन और अतिरिक्त कार्यों को शामिल करने के बाद नई लागत तय की जाएगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.