GJU हिसार में प्रशासनिक बदलाव, कुलपति पद से हटे नरसीराम; विजय कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी

हिसार | गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) हिसार के कुलपति प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई को पद से रिलीव कर दिया गया है. उनकी जगह चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (CDLU) के कुलपति डॉ. विजय कुमार को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है. हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए. बता दें कि यह व्यवस्था विश्वविद्यालय में नए नियमित कुलपति की नियुक्ति और चयन प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी.

Guru Jambheswar University GJU Hisar

प्रो. नरसीराम बिश्नोई का तीन वर्ष का नियमित कार्यकाल 2 मई 2026 को समाप्त हो गया था. इसके बाद, उन्हें अगले आदेश तक कार्यवाहक कुलपति के तौर पर जिम्मेदारी दी गई थी. अब उन्हें इस अतिरिक्त प्रभार से भी मुक्त कर दिया गया है.

दौड़ में नरसी

प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कार्यकाल समाप्त होने के बाद GJU के कुलपति पद के लिए दोबारा आवेदन किया है. ऐसे में वह नए कुलपति की चयन प्रक्रिया में भी उम्मीदवार हैं. विश्वविद्यालय के नए नियमित कुलपति के चयन के लिए सर्च कमेटी पहले ही गठित की जा चुकी है. इस पद के लिए देशभर से करीब 122 प्रोफेसरों और प्रशासनिक अधिकारियों (IAS) ने आवेदन किया है.

अंतिम चरण में प्रक्रिया

नए कुलपति के चयन को लेकर विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की बैठक भी हो चुकी है. इसके बाद उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की प्रक्रिया जारी है और अब यह अंतिम चरण में पहुंच गई है. नई नियुक्ति होने तक CDLU के कुलपति डॉ. विजय कुमार GJU के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे. चयन प्रक्रिया पूरी होने पर विश्वविद्यालय को नियमित कुलपति मिल जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.