हिसार | हरियाणा के एकमात्र हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से एक और अच्छी खबर सामने आई है. मंगलवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने इस एयरपोर्ट का दौरा करते हुए विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और हवाई सेवाओं की मौजूदा स्थिति का विस्तृत जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने हवाई पट्टी पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी हासिल की.

नए रूट पर उड़ेंगे हवाई जहाज
एयरपोर्ट निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला उपायुक्त को अवगत कराया कि 3 चरणों में एयरपोर्ट का विकास कार्य चल रहा है. यहां हिसार से वाया दिल्ली होकर भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या, चंडीगढ़ और जयपुर रूट पर नियमित वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन हो रहा है. इन रूटों पर यात्रियों का बढ़िया रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है जिससे क्षेत्र के लोगों का हवाई सेवाओं के प्रति बढ़ता रूझान स्पष्ट नजर आ रहा है.
विकास में महत्वपूर्ण भूमिका
एयरपोर्ट प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि हिसार से जम्मू के लिए नई हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में तेज गति से काम आगे बढ़ रहा है. आवश्यक प्रक्रियाओं और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इस रूट पर भी जल्द हवाई सेवा शुरू होने की संभावना बनी हुई है. इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
निरीक्षण के दौरान डीसी महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों को साफ निर्देश देते हुए कहा कि एयरपोर्ट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर जोर दिया जाए. इस दौरान गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट का विस्तार क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास में निर्णायक भूमिका अदा करेगा. यह एयरपोर्ट हिसार शहर के विकास का नया अध्याय लिखेगा.